पटना

मधुबनी: बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार


बेनीपट्टी (मधुबनी)(आससे)। स्थानीय थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के सलहा गांव में छापेमारी कर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी के 05 बाइक के साथ गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सलहा के संजन कुमार, उसी गांव के राजीव कुमार, राजेश कुमार व महमदपुर गांव निवासी कोमल कुमार सिंह के रूप में की गयी है।

बेनीपट्टी थाना परिसर में जानकारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने कहा कि गिरोह के एक सदस्य सलहा गांव निवासी राजीव कुमार के दरबाजे पर मछली भात की पार्टी चल रही थी। सभी लोग पार्टी का जश्न मनाने में जुटे थे। इसी बीच थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली। जिसके बाद एसएचओ अरविंद कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। जिसमें एसआई मृत्युंजय कुमार, परीक्ष्यमान एसआई बलवंत कुमार, एएसआई संजीत कुमार और शेषनाथ सहित दल बल शामिल थे। पुलिस की छापेमारी टीम गुप्त सूचना पर पहुंच कर ताबड़तोड़ रेड शुरू की। छापेमारी होते ही बाइक गिरोह में शामिल लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गये। उक्त स्थल से ही चोरी की 5 बाइक भी बरामद की गयी।

पकड़े गये आरोपितों को पुलिस ने तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ की और जब्त बाइक की स्वामित्व प्रमाणपत्र मांगी, तो आरोपित पुलिस को बरगलाने में लग गए। इसके बाद जब्त बाइक का परिवहन ऐप्प से स्वामित्व प्रमाण पत्र की छानबीन की तो सभी बाइक चोरी की निकली। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों के पूरे इतिहास को एसएचओ द्वारा खंगाला जा रहा है। संभवतः ये लोग बाइक चोरी कर शराब ढोने का काम करते हैं या फिर शराब तस्कर के हाथों चोरी की बाइक बेचने का काम करते हैं। इसकी भी जांच हो रही है।

एसडीपीओ ने कहा कि अन्य लोगों के भी गिरफ्तारी के साथ चोरी की और बाइक बरामद होने की संभावना है। वहीं एसएचओ श्री कुमार ने बताया कि अभी रेड चल रही है। जल्द ही बाइक चोर गिरोह के और सदस्य जेल की सलाखों के अंदर होंगे।