Latest News मध्य प्रदेश

मप्र में बाढ़ ग्रस्त जिलों में हालात में सुधार, 14,000 बाढ़ पीड़ित राहत शिविरों में : मिश्रा


  1. भोपाल, आठ अगस्त मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने रविवार को कहा कि प्रदेश के बाढ़ ग्रस्त जिलों में अब हालात में सुधार है और बाढ़ में फंसे सभी 14,000 लोगों को सुरक्षित बचा कर राहत शिविरों में पहुंचा दिया गया है।

मिश्रा ने यहां संवाददाताओं को बताया, ”प्रदेश के बाढ़ ग्रस्त जिलों में अब हालात में सुधार है। बाढ़ में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकाल कर राहत शिविरों में पहुंचा दिया गया है।”

उन्होंने कहा, ”बाढ़ ग्रस्त जिलों में 237 राहत शिविर बनाएं गए हैं। इनमें 14,000 बाढ़ पीड़ितों को रखा गया है।” मिश्रा ने बताया कि प्रशासन बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने आज प्रदेश के मुरैना, शिवपुरी, श्योपुर एवं अशोकनगर में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन को अलर्ट किया गया है।

इसी बीच, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभागों का रविवार को हवाई सर्वेक्षण किया। हवाई सर्वेक्षण करने से पहले उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इन इलाकों में पिछले 40 सालों में बाढ़ से ऐसी तबाही नहीं हुई है, जैसी इस बार हुई है।