News TOP STORIES उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

महोबा में पंडाल तैयार, बस कुछ ही देर में उतरेगा प्रियंका वाड्रा का हेलीकाप्टर


महोबा, । बुंदेलखंड से पुराने रिश्तों को मजबूत करने में जुटीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा कुछ ही देर में महोबा पहुंचने वाली हैं। खजुराहो से सीधी वह यहां प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करने आ रही हैं। बीते दस दिनों में बुंदेलखंड में यह उनका दूसरा दौरा है, इससे पहले वह मध्य प्रदेश के सीमा वाले चित्रकूट के रामघाट पर महिलाअों से संवाद करने आई थीं। प्रधानमंत्री की महोबा में जनसभा के बाद कांग्रेस की रैली को लेकर सियासी चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। प्रतिज्ञा रैली में कांग्रेस महासचिव के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।

महोबा के छत्रसाल स्टेडियम में कांग्रेस ने प्रतिज्ञा रैली की तैयारी की है, जिसमें शनिवार सुबह से कांग्रेसियों का पहुंचाना शुरू हो गया था। दोपहर तक पंडाल में कांग्रेसियों की संख्या अच्छी खासी हो गई है और अब रैली में शामिल कार्यकर्ता-नेताओं को प्रियंका का इंतजार है। करीब डेढ़ बजे प्रियंका वाड्रा हेलीकाप्टर से पहुंचेंगी और प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करने के साथ महिलाओं से संवाद का भी कार्यक्रम है। रैली के बाद 3.35 बजे खजुराहो के लिए प्रस्थान कर जाएंगी।

चित्रकूट में महिलाओं से किया था संवाद

बुंदेलखंड में दस दिन के अंदर कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा का यह दूसरा दौरा है। बीते 17 दिसंबर को चित्रकूट के रामधाट पर मंदाकिनी नदी पर नावों से बनाए मंच से उन्होंने महिलाओं से संवाद किया था। इस दौरान महिलाओं के बीच उन्होंने उठो द्रौपदी शस्त्र उठा लो… कविता सुनाकर अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ने का आह्वान किया था। इसके साथ ही आधी आबादी को राजनीति में पचास फीसद भागीदारी देने की बात कही थी। दस दिन बाद महोबा में उनकी प्रतिज्ञा रैली का शनिवार को आयोजन किया गया है। यह रैली प्रधानमंत्री की जनसभा के ठीक बाद आयोजित किए जाने को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई सियासी मायने निकाले जाने लगे हैं।