News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय

मारीपोल में हथियार डालने वाले यूक्रेनी सैनिकों को सुरक्षित बाहर निकलने का दिया जाएगा मौका- रूस


कीव । रूस ने पैंतरा बदलते हुए यूक्रेन के पूर्वी क्षेत्र पर व्यापक हमले शुरू कर दिए हैं। उसका मुख्य लक्ष्य डोनबास क्षेत्र पर कब्जा करना है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसे ‘बैटल आफ द डोनबास’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि रूसी सैनिक चाहे कितनी भी संख्या में क्यों न हों, यूक्रेनी सेना लड़ाई जारी रखेगी। रूसी सेना ने क्रेमिन्ना व एक अन्य छोटे शहर पर कब्जा भी कर लिया है। मारीपोल पर कब्जे के लिए कई हफ्तों से संघर्ष कर रही पुतिन की सेना ने यूक्रेनी सैनिकों को समर्पण के लिए आखिरी मौका दिया है। उन्होंने अजोवस्टल संयंत्र को सौंपने का भी अल्टीमेटम दिया है। खार्कीव पर हुए हमलों में सात लोगों के मारे जाने व 17 से ज्यादा के घायल होने की सूचना है। रूस का कहना है कि वो समर्पण करने वाले जवानों को बाहर जाने के लिए एक सुरक्षित मार्ग मुहैया करवाएगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन यूक्रेन की मदद को लेकर सहयोगी देशों से बातचीत करने वाले हैं। रूस यदि डोनबास अभियान में सफल होता है, तो यह हमला राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा और बेहद जरूरी जीत प्रदान करेगा। हाल के हफ्तों में कीव से वापसी करने वाले रूसी बलों ने डोनबास पर चौतरफा हमले के लिए खुद को संगठित किया है। यहां रूस समर्थित अलगाववादी पिछले आठ वषरें से यूक्रेनी सेना से लड़ रहे हैं और उन्होंने दो स्वतंत्र गणराज्यों की घोषणा की है। इन्हें रूस द्वारा मान्यता भी दी गई है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘रूसी सैनिकों ने डोनबास के लिए लड़ाई शुरू कर दी है।’ यूक्रेन की सेना ने कहा कि युद्ध का एक नया चरण सोमवार को शुरू हुआ, जब हमलावरों ने लगभग पूरी सीमा पर हमारी रक्षापंक्ति को तोड़ने का प्रयास किया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ओलेक्जेंडर ने कहा कि रूस, यूक्रेनी सेना को हराकर लुहांस्क व डोनेस्क पर कब्जा करके क्रीमिया के लिए रास्ता बनाना चाहता है।

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने एक भारतीय टेलीविजन प्रसारक के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘आपरेशन जारी है तथा इसका एक और चरण अब शुरू हो रहा है।’ अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने अभियान में आई तेजी को शेपिंग आपरेशंस करार दिया, जो ज्यादातर रूसी भाषी डोनबास क्षेत्र में व्यापक आक्रमण के लिए मंच तैयार करता है।

व्यापक मोर्चे पर तेज हुए हमले :

यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि 480 किलोमीटर से अधिक के व्यापक मोर्चे पर सोमवार को तेज हमले शुरू हुए। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ओलेक्सी डैनिलोव ने यूक्रेनी मीडिया को बताया कि सुबह, डोनेस्क, लुहांस्क और खार्कीव क्षेत्रों की लगभग पूरी अग्रिम पंक्ति के साथ हमलावरों ने हमारी रक्षापंक्ति को तोड़ने का प्रयास किया। लुहांस्क के क्षेत्रीय सैन्य प्रशासक सेरही हैदाई ने कहा कि सात आवासीय इमारतों को आग लगा दी गई और ओलंपस खेल परिसर को निशाना बनाया गया। इस परिसर में देश की ओलंपिक टीम के खिलाडि़यों का प्रशिक्षण होता है। रूसी हर तरफ से हमले कर रहे हैं। मारे गए नागरिकों की गिनती मुश्किल है। मृतकों की आधिकारिक संख्या करीब 200 है, लेकिन हकीकत में ज्यादा होगी।