News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

मिजोरम में दर्दनाक हादसा, निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरने से 17 मजदूरों की मौत; बचाव अभियान जारी


आइजोल, । मिजोरम में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया है। सैरांग इलाके में एक निर्माणाधीन रेलवे पुल के गिरने से कम से कम 17 मजदूरों की मौत हो गई है। घटनास्थल पर कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। जहां हादसा हुआ है वह जगह राजधानी आइजोल से करीब 21 किलोमीटर दूर है। बताया जा रहा है कि हादसा सुबह 10 बजे के करीब हुआ। उस वक्त सभी मजदूर पुल का काम कर रहे थे। कुरुंग नदी पर बैराबी को सैरांग से जोड़ने वाला रेलवे पुल निर्माणाधीन था।

कई श्रमिकों के फंसे होने की आशंका

दुर्घटनास्थल पर कई अन्य श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है, क्योंकि बुधवार सुबह जब दुर्घटना हुई तब लगभग 40 श्रमिक मौजूद थे। पुलिस अधिकारी ने 17 लोगों के मरने की पुष्टि की है। अधिकारी ने कहा कि मलबे से अब तक 17 शव बरामद किए जा चुके हैं। कई अन्य अभी भी लापता हैं।

सीएम जोरमथंगा ने शेयर किया वीडियो

प्रदेश के मुख्यमंत्री अपने एक्स अकाउंट पर घटनास्थल का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में टूटा पुल दिखाई दे रहा है। सीएम ने अपनी पोस्ट में लिखा कि इस घटना से बहुत दुखी और प्रभावित हूं। मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

दो-दो लाख रुपये मुआवजे का एलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स में कहा है कि मिजोरम में पुल दुर्घटना से दुखी हूं। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने, अपने प्रियजनों को खोया है। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि के रूप में दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। वहीं घायलों को 50 हजार रुपये देने का एलान किया है।