पटना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया छठ घाटों का निरीक्षण


पटना (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर गंगा तट पर निर्मित एवं निर्माणाधीन छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि जहां सुरक्षित घाट होगा वहीं छठव्रतियों को छठ पूजा करने की अनुमति दी जायेगी। वे एक बार फिर छह नवंबर को छठ घाट की तैयारी का जायजा लेने के लिए नासरीगंज से पटना सिटी के झाउगंज तक जायेंगे।

उन्होंने निरीक्षण के क्रम में घाटों की साफ सफाई, स्वच्छता, पर्याप्त रौशनी की व्यवस्था, गंगा नदी के किनारे वैरिकेडिग़, एप्रोच रोड, वाच टावर एवं छठ व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि छठ घाटों मे पहुंच पथ ठीक ढंग से दुरूस्त होनी चाहिए ताकि सुगमता पूर्वक छठ व्रति गंगा तटों तक पहुंच सके। कलेक्ट्रेरियेट घाट पर छठ व्रतियों की काफी भीड़ होती है, जिसकों ध्यान में रखते हुए लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा का पुख्ता प्रबंध करें। छठ घाटों पर पर्याप्त संख्या में वॉच टावर की व्यवस्था करें। गंगा के जलस्तर को देखते हुए घाटों की घेराबंदी सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को बताया कि हमलोग २७ अक्तूबर को पहली बार छठ घाटों को देखने आये थे। इस बार पूरे तौर पर छठ मनाया जा रहा है। लोगों को सुविधा मिलनी चाहिए और छठ घाटों को बेहतर तरीके से निर्माण होना चाहिए। इसी को ध्यान में रखकर उस समय हमलोग आये। उस समय पानी का फ्ïलो ज्यादा था, अभी पानी का बहाव घटा है। पिछली बार हमलोगों ने जो कहा था उन सभी जगहों पर इन लोगों ने तैयारी कर ली है। अधिकारियों ने साईट पर जाकर देखने के बाद घाटों की तैयारी का निर्णय लिया है। छठ धाटों का बेहतर तरीके से निर्माण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछली बार हमने अधिकारियों ने ये निर्देश दिये थे, इस दिशा में काम हुआ है। घाटों तक की पहुंच सुगम हो सके, इसके लिए तेजी से काम किये जा रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से गंगा तटों पर बैरिकेडिंग का काम किया जा रहा है। पानी घट रहा है। लेकिन अभी और पानी घटनं की जरूरत है। लोगों की सुरक्षा के मद्ïदेनजर घाटों की घेराबंदी की जाती है। अब हमलोग फिर छह नवंबर को छठ घाटों को देखने आयेंगे। खतरनाक घाटों पर छठ व्रतियों को पूजा करने की पूरी मनाही रहेगी। छठ के पहले अर्ध्य के दिन हमेशा आते हैं और उसके पहले आकर तैयारियों को जायजा लेते हैं। लोगों को असुबिधा न हो इसके लिए गाइड लाइन भी जारी है। घाटों की तैयारी को अंतिम रूप देने में अभी एक-दो दिन का और समय लगेगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, पीएचइडी मंत्री रामपृत पासवान, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक एसके सिंघल, अपर मुख्य सचिव गृह चैतन्य प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, प्रधान सचिव नगर विकास एवं आवास आनंद किशोर, पीएचइडी सचिव जीतेंद्र श्रीवास्तव, प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, बिहार राज्य पुलि निर्माण निगे के अध्यक्ष पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, आइजी पटना सेंट्रल रेंज संजय सिंह एसएसपी उपेंद्र शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद थे।