पटना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहारशरीफ पहुंचकर पुराने सहयोगी ठाकुर श्याम नंदन सिंह को दी श्रद्धांजलि


  • पावापुरी के पोखरपुर में पूर्व विधान पार्षद स्व. कपिलदेव सिंह के परिजनों से मिलकर दिया सांत्वना
  • मुख्यमंत्री ने कहा श्याम बाबू के रूप में सच्चा सहयोगी खोया
  • कपिलदेव बाबू के प्रति मेरे मन में हमेशा सम्मान का भाव रहा : सीएम

बिहारशरीफ (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दो अलग-अलग श्राद्ध कर्मों में हिस्सा लेने नालंदा पहुंचे। बिहारशरीफ के गढ़पर मोहल्ले में जहां वे अपने पुराने सहयोगी ठाकुर श्यामनंदन सिंह के श्राद्ध कार्यक्रम में हिस्सा लेकर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में श्रद्धा सुमन अर्पित किये, वहीं पावपुरी के पोखरपुर में पूर्व विधान पार्षद कपिलदेव सिंह जिनकी पिछले दिनों मौत हो गयी थी के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोपहर 12 बजे के करीब हेलीकॉप्टर से बिहारशरीफ पहुंचे। नालंदा कॉलेज परिसर में बने हैलीपैड से वे सड़क मार्ग द्वारा गढ़पर स्थित ठाकुर श्याम नंदन सिंह के घर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में हिस्सा लिये। स्व. ठाकुर श्याम नंदन सिंह जदयू के वरिष्ठ नेता के साथ-साथ मुख्यमंत्री के पूर्व से सहयोगी रहे थे। आज उनका श्राद्ध समारोह था। इसी में हिस्सा लेने के लिए वे पहुंचे थे। स्व. सिंह के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद वे उनके घर गये और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर दुख की इस घड़ी में धैर्य बनाये रखने को कहा। उन्होंने कहा कि वे एक सच्चे सहयोगी खो दिये।

मुख्यमंत्री ने उनके पुत्र भवानी सिंह, कुंवर नंदन सिंह, भानु सिंह तथा उनकी विधवा से बातचीत की। इस अवसर पर नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, बिहारशरीफ के विधायक डॉ. सुनील  कुमार, पूर्व विधायक व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन, पूर्व विधायक ई. सुनील कुमार सहित कई नेता और विभिन्न दलों के कार्यकर्ता मौजूद थे। मुख्यमंत्री के साथ उनके सचिव अनुपम कुमार, पटना के आईजी संजय सिंह, जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक हरिप्रसाद एस. आदि लोग मौजूद थे।

बिहारशरीफ से मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से गिरियक प्रखंड के पोखरपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व विधान पार्षद स्व. कपिलदेव सिंह के परिजनों से मुलाकात की। उनके पुत्र संजय कुमार, पंकज कुमार, डॉ. शशिकांत, पत्नी सुनीला देवी, भांजा सुधीर सिंह से कुशल क्षेम पूछा। मुख्यमंत्री के साथ सांसद कौशलेंद्र कुमार, पूर्व मंत्री श्रवण कुमार, विधायक डॉ. सुनील कुमार, भाजपा के जिलाध्यक्ष रामसागर सिंह आदि लोग भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने परिजनों को दुख के इस घड़ी में संयम बरतने को कहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्व. विधान पार्षद कपिलदेव सिंह के बारे में अपना विचार भी लिखा। मुख्यमंत्री ने अपने विचार में कहा कि ‘‘कपिलदेव बाबू से मेरा बहुत पुराना संबंध रहा है। उनके प्रति मेरे मन में हमेशा सम्मान का भाव रहा है। उनके निधन की जानकारी मिलने पर मुझे काफी दुख हुआ। मैं दुख की इस घड़ी में पूरे परिवार के साथ हूं। उनके प्रति मैं श्रद्धा निवेदित करता हूं।’’

विधान पार्षद स्व. कपिलदेव सिंह के बड़े पुत्र संजय सिंह ने मुख्यमंत्री को कहा कि इस विपदा की घड़ी में आप हीं हमारे अभिभावक है। मुख्यमंत्री ने उन्हें धैर्य देते हुए कहा कि मैं आपलोग के साथ हूं। लगभग 25 मिनट तक मुख्यमंत्री पीड़ित परिजनों के साथ बिताया और उनके बीमारी आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

बाद में मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से बिहारशरीफ के नालंदा कॉलेज परिसर स्थित हैलीपैड पर पहुंचे, जहां से वापस पटना लौटे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर बीते दो दिनों से गहमागहमी का माहौल था। शहर की सड़क आदि को दुरुस्त किया जा रहा था ताकि मुख्यमंत्री के आवागमन में कोई बाधा ना हो। बिहारशरीफ से लेकर पोखरपुर तक सड़क के चप्पे-चप्पे में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गयी थी।