पटना

मुजफ्फरपुर: अनियंत्रित टाटा सूमो होटल में घुसी, 5 की मौत


मुजफ्फरपुर। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मीनापुर थाना क्षेत्र के पानापुर ओपी अंतर्गत शिवराहां में देर शाम एक सूमो अनियंत्रित होकर होटल में घुस गयी। उस समय काफी लोग होटल में चाय-नाश्ता कर रहे थे। सूमो ने करीब दस  लोगों को रौंद दिया। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। आननफानन में घायलों को होटल से निकालकर स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया। लेकिन, गंभीर हालत देखते हुए सभी को एस के एम सी एच रेफर कर दिया। जहाँ इलाज के क्रम में पांच लोगों की मौत हो गयी। वहीं अन्य पांच जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। मृतक और घायलों का पहचान किया जा रहा है।

इधर, घटना से गुस्साए लोगों ने एनएच -28 को जाम कर दिया। जमकर हंगामा और प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर कांटी, मीनापुर और पानापुर पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश की गई। लेकिन, भीड़ समझने को तैयार नहीं थी। पुलिस के साथ भी जमकर नोकझोंक हुई। इसके बाद काफी संख्या में अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंची। आक्रोशितों को उचित कार्रवाई और मुआवजा का आश्वासन देकर शांत कराया गया। तब जाकर जाम समाप्त हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सूमो मोतिहारी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक से चालक का स्टेयरिंग पर से संतुलन बिगड़ा और सूमो होटल में जा घुसी। अंदर बैठे लोगों को न समझने का समय मिला और न सम्भलने के लिए मौका। लोगों को रौंदते हुए सूमो रुक गयी। कई लोग इसके भीतर फंसे हुए थे। जिन्हें स्थानीय लोगों ने निकालकर इलाज के लिए भेजा। घायलों में तीन की पहचान हुई थी। जिसमे पखनहा के कृष्णा दास, अकुराहां के नागेश पंडित और पिपराही के मोहम्मद निसार के रूप में हुई है।

वहीं जिस वाहन से हादसा हुआ। उसके आगे छोटा पुलिस वाला ब्लू और लाल रंग का स्टिकर चिपका हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार इसमे सिर्फ चालक था। लेकिन, वह कहां है। इसका किसी को पता नहीं। घटना के बाद कई तरह की चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि चालक नशे की हालत में था। इसी कारण हादसा हुआ।