पटना

मुजफ्फरपुर: अपनी जड़ से कटकर कोई देश विकास नहीं कर सकता : राजस्व मंत्री 


जयंती पर याद किये गये पंडित दीनदयाल उपाध्याय, उनके बताये मार्ग को अपनाने का संकल्प लिया 

मुजफ्फरपुर। भारतीय जनसंघ के नेता व एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 105वीं जयंती भाजपा के सभी संगठनात्मक मंडलों में मनाई गई, जिसमें मंडल, शक्तिकेन्द्र तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद करते हुए उनके जीवन और उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद किया। स्थानीय जूरन छपरा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष रंजन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जयंती समारोह में बड़ी संख्या में नेता कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि कर दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री रामसूरत राय ने कहा कि अंत्योदय का नारा देने वाले दीनदयाल उपाध्याय का कहना था कि अगर हम एकता चाहते हैं, तो हमें भारतीय राष्ट्रवाद को समझना होगा, जो हिंदू राष्ट्रवाद है और भारतीय संस्कृति हिन्दू संस्कृति है। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अपनी परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहने के बावजूद समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी नवीन विचारों का सदैव स्वागत किया। उन्होंने कहा दीनदयाल  का मानना था कि भारत की जड़ों से जुड़ी राजनीति, अर्थनीति और समाज नीति ही देश के भाग्य को बदलने का सामर्थ्य रखती है। कोई भी देश अपनी जड़ों से कटकर विकास नहीं कर सका है।

वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष राधा मोहन शर्मा ने कहा की एकात्म मानववाद और अंत्योदय की प्रगतिशील दृष्टि संगठनात्मक कार्यों की नींव है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता का पथ प्रदर्शन करती है। वहीं जिला प्रभारी रमेश श्रीवास्तव ने कहा की एकात्म मानववाद की परिभाषा सृष्टि, प्रकृति,समिष्टी एवं व्यष्ठी को आधार मानकर पूरा होता है और यह तभी सम्पूर्ण होगा जब समाज के अंतिम पंक्ति में व्यक्ति भी सामर्थ्यवान हो।

कार्यक्रम को पूर्व विधायक केदार गुप्ता,रविंद्र प्रसाद सिंह ने भी सबधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सह मुख्यालय प्रभारी सचिन कुमार ने तथा धन्यवाद ज्ञापन मनोज सिंह ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मनोरंजन शाही,अशोक सहनी,जिला उपाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी,निर्मला साहू संगीता सहनी,जिला मंत्री संजीव झा, जिला कोषाध्यक्ष रमेश केजरीवाल, जिला प्रवक्ता सिद्धार्थ कुमार, धनंजय झा,  आदि शामिल हुए।

औराई आससे के अनुसार, भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती औराई में मनायी गई। उतरी मंडल के भलूरा शक्ति केन्द्र के वनवासपूर कृषि कार्यालय मे पंडित दीनदयाल उपाध्याय पर बोलते हुए भाजपा प्रखंड अध्यक्ष हरिओम कुमार ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के लिए योजनाएं बननी चाहिए। पंडित जी भारतीय संस्कृति के हितैषी थे। इस कार्यक्रम मे सोभेंद्र सिह, वसंत कुमार, संजय कुमार, नरेन्द्र शाही, मनोज शाही, शशिकांत ठाकुर, रघुनाथ माझी, ऋषि कुमार   आदि थे।