पटना

मुजफ्फरपुर: केन्द्रीय बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने वाला : नित्यानन्द


      • मोदी अर्थ नीति के आगे सारी नीति फेल
      • 2022 तक भारत से मिट जायेगी गरीबी
      • स्वामी विवेकानंद का सपना होगा साकार

मुजफ्फरपुर। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तुत केंद्रीय आम बजट भारत को आत्मनिर्भर बनाने वाला है। यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रयास का परिणाम है। जो भारतीय अर्थ व्यवस्था को मजबूती देने वाला है।  दरअसल इसकी बुनियाद प्रधानमंत्री की ओर से 20 लाख करोड़ का पैकेज देने के साथ ही रख दी गई थी। तब प्रधानमंत्री ने यह भांप लिया था कि दुनिया किस ओर बढ़ेगी।

दरअसल मोदी नीति के आगे सारी नीति फेल है। ऐसे में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश में यह बजट मजबूत आधारशिला है जिसमें सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। चाहे गरीब हो, किसान हो, युवा, महिला या उधमी सबकी चिंता बजट में समाहित है। खासकर किसानों की विशेष चिंता की गई है क्योंकि 2014 में बतौर प्रधानमंत्री देश का नेतृत्व संभालते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आमदनी दोगुनी करने, युवाओं को रोजगार देने, महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के संदर्भ में जो विचार रखे थे। इस बजट के माध्यम से उन सपनों को साकार करने की कवायद पूरी की जाएगी।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के संदर्भ में आंकड़े के साथ विस्तार से विकास का ग्राफ खींचा और कहा कि विपक्ष में खासकर कांग्रेस राजद और वामपंथी दलें किसानों को गुमराह कर रही है। जबकि कृषि बिल में जो बातें रखी गई है वह किसानों के लिए अनिवार्य नहीं है बल्कि उन्हें विकल्प देता है कि वे अपने उत्पादन को कैसे और कहां खरीद बिक्री करेंगे। उन्होंने कहा कि नई सोच का असर यह हो रहा कि अब महाराष्ट्र के पुणे एवं नासिक के बाजार में भी मुजफ्फरपुर की सब्जियां देखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि खास तौर पर केंद्र सरकार की ओर से देश स्तर पर चतुर्दिक विकास हेतु आधारभूत संरचना को दुरुस्त बनाने की पहल की जा रही है। वही किसानों को सुदृढ़ बनाने की सोच के तहत सस्ते दर पर नियमित बिजली भी देने का प्रावधान किया जा रहा है। पहले कुछेक फसलों पर ही एमएसपी लागू था। अब मोदी सरकार ने अधिकांश फसलों पर एमएसपी लागू करने का काम किया है। उन्होंने विपक्ष के द्वारा उठाए गए सवालों पर तंज कसते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े कदम का आधार बनते हैं।

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उज्जवला योजना का हवाला देते हुए श्री राय ने कहा कि पूर्व में आठ करोड़ गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं जबकि सरकार पुनः एक करोड़ गैस कनेक्शन आवंटन करने जा रही है। महिलाओं के सशक्त होने का बड़ा प्रमाण है कि अब महिलाएं पायलट बन रही है ।सीमा पर देश की सुरक्षा के लिए दुर्गम हालात से जूझते हुए बहादुरी की बानगी प्रस्तुत कर रही हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने पीएम गरीब कल्याण योजना में 80 करोड़ गरीब परिवारों को आठ माह तक पाँच किलो निशुल्क खाधान दिए जाने का समर्थन करते हुए कहा कि अभाव में जीने वाले की जिंदगी कैसे और कितना कष्टमय होता है यह महसूस करने की बात होती है।

उन्होंने कहा कि नए बजट में एकलव्य मॉडल स्कूल बनाकर अनुसूचित जाति जनजाति समुदाय के विकास पर बल देने के साथ-साथ रक्षा पर विशेष ध्यान रखा गया है। आधारभूत संरचना का विकास करने हेतु एक लाख अट्ठारह हजार करोड़ का आवंटन किया गया है। रेल क्षेत्र में समग्र विकास हेतु एक लाख दस हजार  करोड़, वायु प्रदूषण से बचाव हेतु 2217 करोड़ का आवंटन किया जा रहा है। ऐसे में विकास और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। पैसे गांव तक पहुंचने से व्यापारियों, मजदूरों के साथ-साथ सभी वर्गों को ढांचागत काम का अवसर मिलता है। शिक्षा और शोध पर केंद्र सरकार ने 50 हजार करोड़ अलग से आवंटन देकर सौ सैनिक स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में दो लाख 38 हजार करोड़ देकर बजट में 137% बढ़ोतरी किया है ।वही कोरोना वैक्सीन के मद में 35 हजार करोड़ का विशेष आवंटन रखा गया है।

उन्होंने कहा कि यह बजट 130 करोड़ भारतवासियों को हर तरह की सुविधाएं देने के तरफ उठाया गया कदम है। 21वीं सदी का भारत अब कोविड काल से भी उबर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राजद ने कोविड के नाम पर देश में  हौवा  खड़ा किया जबकि 60 वर्षों में कांग्रेस ने देश में कैसी सोच और कार्य रखा है इसे देशवासियों ने देखा है। मोदी सरकार का लक्ष्य है देश में गरीबी मिटायेंगे। अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे। देश को आत्मनिर्भर बनाएंगे। एक उत्पादक राष्ट्र के रूप में भारत विश्व पटल पर स्थापित होगा।

उन्होंने कहा कि यह देश अब स्वामी विवेकानंद की कल्पना जिसमें देश में न कोई भूखा, न कोई बेबस, न बेघर, ना अशिक्षित होगा इस परिकल्पना को 2022 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बढ़ते गरीबी दर के सवाल पर जानकारी का अभाव दर्शाया और जवाब दिया कि तेजी से हो रहे विकास के साथ अगले वर्ष तक देश से गरीबी मिटाने का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।

किसान आंदोलन में किसानों की मौत के सवाल पर जबाब से बचते हुए हम दो हमारे दो के आरोप पर  केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी जो कहते हैं इसके पीछे उन्हें खुद पता नहीं होता कि क्या कहते हैं। मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉक्टर संजय जयसवाल, सांसद अजय निषाद ,बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री रामसूरत राय, विधायक अरुण कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक बेबी कुमारी उपस्थित थे। विषय प्रवेश कराते हुए जिला अध्यक्ष रंजन कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया।