पटना

मुजफ्फरपुर: नदियों का जलस्तर स्थिर रहने से बाढ़ का संकट बरकरार 


पीड़ित परिवारों में राहत की आस, अनदेखी पर रोष 

औराई (मुजफ्फरपुर)(आससे)। औराई एवं कटरा प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति यथावत। प्रखंड और जिला प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ अब बाढ़ पीड़ितों के बीच बाढ़ राहत एवं फसल क्षति की मांग तेज होने लगी है।

बागमती लखनदेई एवं मनुषमारा नदी की जलस्तर में यथावत रहने से बाढ़ पीड़ितों में परेशानी का सबब बना हुआ है। विस्थापित परिवारों के बीच ऊपर से बारिश एवं बगल से बाढ़ का भय सता रहा है। औराई प्रखंड के 26 पंचायत एवं कटरा प्रखंड के 22 पंचायत जिसका सभी क्षेत्रफल बाढ़ के पानी से डूबा हुआ है। बाढ़ के साथ-साथ सघन आबादी वाले गांव जो बागमती के बगल में है वहां जलजमाव से परेशानी है। किसी भी गांव में नाला का निर्माण नहीं होने से लोगों के बीच एक बहुत बड़ी समस्या जलजमाव बन बैठी है।

बाढ़ के कारण दोनों प्रखंड के सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी घुसा हुआ है ।सभी ग्रामीण सड़क पर पानी का बहाव तेज है ।यहां तक की मुख्य सड़कों की हालत भी कटरा क्षेत्र में बदतर है। इस वर्ष जो बाढ़ से क्षति हुई है पिछले सभी रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। प्रखंड के अंचलाधिकारी से लेकर जिला तक बाढ़ राहत के नाम पर कुछ भी करने को तैयार नहीं है यहां तक की विस्थापित परिवारों के बीच पॉलिथीन का भी वितरण नहीं किया गया है।