पटना

मुजफ्फरपुर: राजस्व मंत्री ने दो सड़कों का किया शिलान्यास, बाढ़ प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने का दिया भरोसा 


औराई (मुजफ्फरपुर)(आससे)। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय ने औराई  विधानसभा क्षेत्र में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग नई अनुरक्षण नीति (3054) योजना के तहत दो लाइफ लाइन सड़क का शिलान्यास किया। करीब डेढ़ करोड़ की लागत से दोनों योजना पर कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम के शिलान्यास के बाद पत्रकारों को बताया कि उक्त सड़क विधानसभा क्षेत्र का लाइफ लाइन है। दोनों प्रखंड यानी औराई एवं कटरा को जोड़ने वाली सड़क कटरा प्रखंड के लखनपुर से जजुआर होते हुए औराई प्रखंड के बैगना तक जाती है। दूसरी सड़क राजघाट पुल से लखनपुर गांव तक जाती है। दोनों सड़क बहुत दिनों से बदतर स्थिति में थी ।निर्माण हो जाने के बाद विधानसभा क्षेत्र के दोनों लाइफ लाइन सड़क का कायाकल्प हो जाएगा। मंत्री ने भ्रष्टाचार के सवाल पर बताया कि भ्रष्टाचार से निजात हेतु जितना पाठ पढ़ाना था, वह पढ़ा दिया गया। अब अगर कोई कर्मचारी या पदाधिकारी भ्रष्टाचार का दोषी पाए गए तो उन पर सीधे निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। अफसरशाही का जमाना समाप्त हो चुका है।

जनता की परेशानी एवं इनकी समस्याओं का निदान त्वरित गति से किया जाएगा ।अगर कोई भी कर्मचारी या पदाधिकारी दखलअंदाजी करते हैं  या जनता को परेशान करते हैं तो उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जहां तक बाढ़ की समस्याओं का सवाल है हर संभव प्रयास किया जाएगा कि औराई एवं कटरा प्रखंड क्षेत्रों के बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा अवश्य मिले। शिलान्यास कार्यक्रम में कटरा उत्तरी मंडल के भाजपा अध्यक्ष शिशिर कुमार झा ,आशीष राम, नंदकिशोर यादव, सुजीत ठाकुर, सुमन नाथ ठाकुर, एहसान अहमद समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।