पटना

मुजफ्फरपुर: सड़क हादसे में सैप जवान की मौत, दो घायल


मोतीपुर (मुजफ्फरपुर)। एन एच 28 पर मोतीपुर थाना क्षेत्र के काली मंदिर से पूरब गुरुवार की देर रात मछली का जीरा लदे एक  पिकअप वाहन में दूध लदी गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे मछली का जीरा लदा पिकअप पलट गया। पिकअप पलटने से उसमें दबकर मोतीपुर पुलिस गश्तीदल में शामिल सैप के एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई। जिस समय घटना हुई इस समय गश्तीदल एन एच पार कर रहा था। इस घटना में दो अन्य सैप जवान और मछली का जीरा लदे मालवाहक पिकअप का चालक जख्मी हो गया है। जबकि दूध वाली गाड़ी का चालक, खलासी सहित गाड़ी छोड़कर भागने में सफल रहा।

मृत सैप जवान राज किशोर सिंह शिवहर जिला के बभनटोली वार्ड एक का रहनेवाला बताया जा रहा है। वहीं जख्मी अन्य सैप जवानों में औरंगाबाद के परमा सिंह तथा उत्तर प्रदेश का रहनेवाला अरविंद सिंह शामिल है। जख्मी चालक के बारे में विशेष जानकारी प्राप्त नही हो सकी है।

घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने जख्मी सैप जवानों और चालक को चिकित्सा के लिए  एसकेएमसीएच में भर्ती कराया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायलों में अरविंद सिंह की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को जप्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि इस घटना में थाने की गश्ती गाड़ी भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद मृत सैप जवान का पार्थिव शरीर पुलिस लाइन लाया गया जहां वरीय पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के वरीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

मौके पर मृतक के परिजन भी मौजूद रहे। गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद मृतक सैप जवान के पार्थिव शरीर को उसके गाँव भेजा दिया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक जयंतकांत ने मृतक सैप जवान के परिजनों को सांत्वना दिया। बताया जा रहा है कि हाल ही में सैप जवान की पोस्टिंग मोतीपुर थाने में हुई थी।  इसके पूर्व वे दस दिनों के लिए बोचहा थाना में थे। बोचहा में पदस्थापन के पूर्व मृतक सैप जवान निवर्तमान एस एस पी के अंग रक्षक के रूप में भी काम कर चुके थे। उनके असामयिक मौत से मोतीपुर थाना ही नहीं बल्कि पुलिस महकमे में मातमी उदासी छाई हुई है।

थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि गुरुवार  की रात जमादार एम के सिंह के नेतृत्व में एक गश्ती दल एनएच पर था।  इसी दौरान गश्तीदल ने एक मालवाहक पिकअप को जांच के लिये रोका। जांच के दौरान उस पर मछली का जीरा लदा हुआ पाया गया। उन्होंने बताया कि जैसे ही गश्तीदल एनएच पार कर रहा था तभी मोतिहारी की तरफ से आ रही दूध लदे एक पिकअप ने मछली के जीरा लदी पिकअप में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से खड़ा पिकअप एनएच पर ही पलट गया। इससे पिकअप के बगल में खड़े सैप जवान राजकिशोर सिंह उसमें दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना में बगल में खड़े सैप जवान परमा सिंह और अरविंद सिंह तथा मछली के जीरा लदे पिकअप का चालक गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। इस घटना में पुलिस की सूमो गाड़ी भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना की सूचना जैसे हैं पुलिस महकमे को मिली तो महकमें अफरा-तफरी मच गई। लाव-लश्कर के साथ थानाध्यक्ष अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। पिकअप के नीचे दबे सैप जवान को निकाला गया। जख्मी लोगों को चिकित्सा के लिए  एस के एम सी एच में भर्ती कराया गया।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने दूध लदे पिकअप वाहन बी आर 05 जी बी-7586 और मछली का जीरा लदे पिकअप बी आर 05 जी ए-6115 को जप्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि हॉस्पिटल में सैप जवान अरविंद सिंह की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।