पटना

मुजफ्फरपुर: सुप्तावस्था में गोली मारकर युवक की हत्या 


मुजफ्फरपुर। करजा थाना क्षेत्र के गोरियारा गांव में आपसी घरेलू विवाद एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। मृतक निराला कुमार (20) अपने घर पर ही था। उसी समय उसे गोली मार दी गयी। गोली उसके कमर के पास लगी। काफी खून बह गया जिससे उसकी मौत हो गयी। घटना अहले सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। थानेदार मणिभूषण कुमार ने बताया कि घटना की सूचना सुबह में दी गयी है। वे खुद पहुंच चुके हैं। जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

मृतक के पिता सीताराम समेत अन्य परिजन तथा आसपास के लोगों ने पुलिस के समक्ष निराला के बहनोई पर ही गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना का कारण दोनों के बीच रुपये लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। थानेदार ने भी इसकी पुष्टि की है। कहा कि आरोपित मृतक का बहनोई वैशाली जिले के रत्ती भगवानपुर का रहने वाला है। वह फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।

परिजन का कहना है कि रात को आरोपित यहां आया हुआ था। निराला के साथ वह बाहर में बैठकर बातचीत कर रहा था। देर रात होने के कारण घर के अन्य सदस्य सो गए थे। इसी बीच दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। हालांकि, फिर मामला शांत हो गया था। निराला सोने चला गया था। लेकिन, आरोपित मन ही मन आक्रोशित था। उसने बदला लेने का मन बना लिया था। उसने अपने पास रखे पिस्टल को निकाला और सोए अवस्था मे ही उसे पीछे से एक गोली मार दिया। इसके बाद वह भाग निकला।

वहीं  गोली चलने की आवाज़ सुनकर घरवालों और आसपास की अहले सुबह  नींद खुल गयी। बाहर निकलकर देखा तो निराला अचेत पड़ा हुआ था। काफी खून भी निकल रहा था। तभी उसका बहनोई गाँव से बाहर बाइक से निकल गया। मृतक के पिता का कहना है कि आरोपित अपराधी प्रवृति का है। काफी दिनों से रुपये लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद था। इसी कारण उसने घटना को अंजाम दिया है।