पटना

मोतिहारी: पांच लाख किसानों को सम्मान निधि मिलना गौरव की बात


मोतिहारी (आससे)। सांसद सह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह ने मोतिहारी में आयोजित जिला स्तरीय खरीफ महोत्सव वर्ष 2021-22 के वर्चुअल महोत्सव में सम्मिलित हुए।  महोत्सव को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि अपने जिला का कुल भौगौलिक क्षेत्रफल 3 लाख 96 हजार हेक्टेयर है, जिसमें खेती योग्य 3 लाख 4 हजार हेक्टेयर है। एक लाख 77 हजार हेक्टेयर सिंचित एवं एक लाख 27 हजार हेक्टेयर असिंचित क्षेत्र है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत दलहन एवं धान की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। कृषि एवं बागवानी के विकास हेतु कई योजनाएं चल रही हैं। सभी योजनाएं प्रभावी तरीके से क्रियान्वित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने यह निर्णय लिया है कि सभी कृषि अधिकारियों एवं कर्मियों को शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक पंचायत, प्रखंड एवं जिला कार्यालय में निश्चित रूप से बैठना है। किसान भाई इस दिन अवश्य पहुंचें और अपनी समस्याएं साझा करें।

श्री सिंह ने सभी अधिकारियों एवं कृषि कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उन सभी के परिश्रम के कारण आज पूर्वी चंपारण जिला के 4 लाख 86 हजार 6 सौ 38 किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि आ रही है, जो जिला के लिए गौरव की बात है। इस आशय की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद ने जारी विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।