पटना

मोतिहारी: माँ एवं दो मासूम बच्चों की हत्या से दहले लोग


मौके पर पहुँच एसपी ने दिया सख्त निर्देश, बोले पोस्टमार्टम के बाद उजागर होगा सत्य

मधुबन (मोतिहारी)(आससे)। मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजितपुर पंचायत के बहुआरा गांव में माँ और दो मासूम बच्चे सहित तीन की संदेहास्पद स्थिति में हुई मौत का मामला प्रकाश में आया है। घटना हत्या या आत्महत्या मौके पर मोतिहारी एसपी नवीन चंद्र झा सहित स्थानीय पुलिस पहुंच मामले की कर रही है तहकीकात।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बहुआरा गाँव में शनिवार की सुबह धर्मेंद्र भगत की  पत्नी धर्मशीला देवी (28 वर्षीया) और उसके चार वर्षिय पुत्र हिमांशु कुमार व छः वर्षिया पुत्री काजल कुमारी की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीण अथवा पुलिस स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। ग्रामिणों के अनुसार मृतिका के पति उत्तर प्रदेश के देवरिया में कबाड़ का काम करता है।

बीस दिन पूर्व जब वह घर आया था तो बॅटवारे को लेकर कुछ विवाद हुआ था। धर्मेंद्र के पिता ने बॅटवारे से इन्कार कर कहा कि हमारे भाईबंदी में अब तक बंटवारा नहीं हुआ है। तुम्हारा बटवारा कैसे कर दें। वहीं मृतिका के भाई नागेंद्र कुमार के अनुसार शुक्रवार को फोन पर मृतिका ने अपनी पुत्री के हनुमानी का धागा बदलने के लिए बुलाया गया था। जब शनिवार की सुबह पहुँचा तो देखा कि बहन के ससुर सुरेन्द्र भगत  व भैसुर जितेंद्र भगत अपनी पीठ पर दो बोरे लिए कही जा रहे थे। उनके साथ दो ग्रामीण भी थे जिन्हे नहीं पहचान सका। जब उनके पास पहुँचा तो उन्होने बताया की उनकी बहन आत्महत्या कर चुकी है और वे अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे हैं, फिर दोनो बोरों को छोड़ भाग चले।

बोरा खोलने पर मैंने बहन और भगीना, भगीनी का लाश पाया। फिर मैंने हल्ला किया और पुलिस को फोन लगाया। बता दें कि धर्मेंद्र भगत का विवाह स्थानीय थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में 8 वर्ष पहले योगेंद्र भगत की पुत्री के साथ हुआ था। मृतिका के परिजनों ने बताया कि मृतिका के ससुर सुरेंद्र भगत के चार पुत्र हैं। पहला लड़का देवलाल लखनऊ में रहता है। दूसरा जितेंद्र व चौथा वीरेंद्र यहीं रहता है। जबकि मृतिका के पति धर्मेंद्र उत्तर प्रदेश के देवरिया में कबाड़ का काम करता है। मृतिका के भाई ने अपने बहन व भगिना, भगिनी की हत्या का आरोप बहन के ससुर सुरेंद्र भगत, भैसूर जितेंद्र भगत व जेठानी कंचन देवी पर लगाया है।

सूचना मिलते ही घटनास्थल पर एसपी नवीन चंद्र झा, पकड़ीदयाल डीएसपी सुनील कुमार सिंह, मधुबन थानाध्यक्ष राजेश कुमार पहुंचे तथा मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटना के संबंध में एसपी नवीन चंद्र झा ने बताया कि मृतिका के परिवार वालों से घटना की सूचना मिली। घटनास्थल पर संदिग्ध अवस्था में महिला एवं उनके दो बच्चे की लाश मिली है। महिला एवं उसके दोनों बच्चों के गले पर निशान पाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला क्या है। महिला के घर वाले के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।