उत्तर प्रदेश लखनऊ

यूपीके ३११ केन्द्रोंपर लगेगी वैक्सीन


लखनऊ(आससे.)। उत्तर प्रदेश में 16 जनवरी से प्रथम चरण में प्रदेश के 311 केन्द्रों पर वैक्सीन लगाने का कार्य प्रात: 09 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा और इसकी सभी तैयारी कर ली गई है। राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने आज शाम संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने ने बताया कि 16 जनवरी को प्रथम चरण में राज्य के 311 केन्द्रों पर वैक्सीन लगाने की कार्यवाही की जायेगी। वैक्सीन लगाने का काम सुबह 9 बजे से शाम पांच बजे चलेगा। उन्होंने बताया कि वैक्सीन की लगभग पौने 11 लाख डोज अब तक प्राप्त हो चुकी है और ये सभी जिलो में आज शाम तक पहुंच जायेगी। उन्होंने बताया वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण पूरा हो गया है। भारत सरकार की गाइडलाइन एवं क्रम के अनुसार कोविड वैक्सीनेशन का कार्य संचालित किया जायेगा। प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में 1,33,621 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 2,58,41,533 सैम्पल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 506 नये मामले आए हैं। प्रदेश में 10,080 कोरोना के एक्टिव मामले में से 3,796 लोग होम आइसोलेशन में हैं। प्रदेश में अब तक 3,48,335 लोग होम आइसोलेशन में गए हैं, जिसमें से 3,44,539 लोगों की होम आइसोलेशन की अवधि पूर्ण कर ली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विगत 24 घंटे में 539 लोग तथा अब तक कुल 5,76,519 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 5,06,332 टीम दिवस के माध्यम से 3,12,52,129 घरों के 15,19,01,447 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ई-संजीवनी के माध्यम से 24 घंटे में 5,788 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया है। अब तक 3,91,429 लोगों ने ई-संजीवनी के माध्यम से चिकित्सीय परामर्श ले चुके है।