पटना

यूपी चुनाव पर जेडीयू की दिल्ली में अहम बैठक आज


      • ललन सिंह और आरसीपी सिंह भी लेंगे भाग
      • यूपी में जातीय जनगणना को मुद्दा बनायेगा जदयू

पटना (आससे)। उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर जदयू की अहम बैठक बुधवार को दिल्ली में होगी। उत्तर प्रदेश चुनाव लडऩे के लिए जदयू ने 51 सीटें चिंहित की हैं। इनमें कितनी सीटों पर वह लड़ेगा, इस पर फैसला होना बाकी है।

जदयू के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने मंगलवार को कहा कि पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने जिन सीटों के नाम तय किये हैं, उस पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने दिल्ली में बैठक बुलाई है। इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह, स्वयं और उत्तर प्रदेश के जदयू अध्यक्ष अनूप पटेल शामिल होंगे। बैठक में निर्णय होगा कि कौन-कौन सी और कितनी सीटें हमें लडऩी हैं। एक सवाल पर कहा कि 51 सीटों और भावी उम्मीदवारों की सूची पार्टी कार्यालय में पहले से जमा है। इसके बाद और लोगों के आवेदन आये हैं। भाजपा के प्रस्ताव के सवाल पर कहा कि अब कोई विचार नहीं होगा।

मीडिया से बातचीत में केसी त्यागी ने कहा कि दो-तीन चीजें हम स्पष्ट करना चाहते हैं। जदयू के चुनाव में जो मुद्दे हैं, उनमें पहला न्यूनतम समर्थन मूल्य को जल्द कानूनी मान्यता मिले। उत्तर प्रदेश में किसानों पर से मुकदमे वापस लिये जायें। यूपी में भी जातीय जनगणना हो। आज उत्तर प्रदेश में मंत्री मंत्रिमंडल को छोड़ कर जा रहे हैं और आरोप लगाते हैं कि कमजोर वर्ग की अनदेखी हुई है। वहीं, बिहार में न्याय के साथ विकास परंपरा जारी है। मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग और दो-दो उपमुख्यमंत्री अतिपिछड़ा वर्ग के हैं। बिहार मॉडल ऑफ गवर्नेंस की व्यवस्था यूपी में भी स्थापित हो।