पटना

बिहारशरीफ: जनता की ताकत को विकास में लगाऊंगा : नीतीश


मुख्यमंत्री ने कतरीसराय, अस्थावां, सरमेरा और बिंद में सुनी लोगों की समस्याएं, स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

बिहारशरीफ। जनसंवाद यात्र के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को नालंदा जिले के अस्थावां विधानसभा क्षेत्र के चार प्रखंड मुख्यालयों में कार्यकर्ताओं और लोगों से मुलाकात की। इसके अलावे कई स्थानों पर ग्रामीणों द्वारा मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आज पूरे विधानसभा क्षेत्र में उत्साह का माहौल था। छठ के नहाय-खाय के बावजूद भारी संख्या में लोग जगह-जगह मुख्यमंत्री के अभिनंदन के लिए एकत्रित हुए थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों को भरोसा दिलाया कि आपने जिस विश्वास के साथ उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाये है। उस विश्वास को वे टूटने नहीं देंगे। अपने जीवन के अंतिम क्षण तक लोगों की सेवा में जुटे रहेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जनसंवाद कार्यक्रम का पहला पड़ाव कतरीसराय प्रखंड था, जहां मुख्यमंत्री का लोगों ने जगह-जगह पर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं से मिले, उनकी समस्याओं को सुना और हरसंभव समाधान का आश्वासन दिया। कतरीसराय के अलग-अलग स्थानों पर मुख्यमंत्री ने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्री कृष्ण सिंह तथा स्वाधीनता सेनानी स्व. गुरूसहाय लाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।

बाद में मुख्यमंत्री अस्थावां फिर सरमेरा और बिंद प्रखंड मुख्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरे के क्रम में मुख्यमंत्री का लगभग 100 स्थानों पर लोगों ने फूल-माला एवं गाजे-बाजे के साथ अभिनंदन किया। कड़ाके की धूप और छठ पर्व की व्यस्तता के बावजूद लोग मुख्यमंत्री के स्वागत में खड़े दिखे। अलग-अलग तरीके से लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया, नारे लगाये।

जनसंवाद कार्यक्रम में अपने प्रमुख कार्यकर्ताओं, पुराने सहयोगियों और समर्थकों से मिलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो साल से लगातार कोविड के कारण वे उनलोगों से मिल नहीं सके। उन्हें लगातार यह चिंता हो रही थी कि आपलोगों से मिले और यही वजह है कि मैंने यह कार्यक्रम तय किया। मैंने सोचा की मैं हीं आपके पास पहुंचकर आपकी समस्याओं को सुनुंगा।

कड़ाके की धूप और चैती छठ की व्यस्तता के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगवानी में जगह-जगह पर कुछ इस तरह खड़े दिखे अस्थावां के लोग।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा के लोगों ने मुझे व्यापक सहयोग और समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि आपने जो ताकत दी है उसी के बदौलत आज बिहार का मुख्यमंत्री हूं और मैं विश्वास दिलाता हूं कि आपकी दी हुई ताकत आपके विकास में लगाउंगा। मैं भरोसा दिलाता हूं कि ताजिंदगी आपकी सेवा करता रहूंगा। आपलोगों ने जो सहयोग, समर्थन और हममे विश्वास जताया है उसे कभी भुला नहीं सकता।

मुख्यमंत्री के साथ बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा,  ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, अस्थावां विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार के अलावे मुख्यमंत्री के परामर्शी मनीष वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार सहित कई अधिकारी, नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा भी मौजूद थे। पूर्व विधायक ई. सुनील कुमार, पूर्व विधान पार्षद राजू यादव भी मुख्यमंत्री की सभा में मौजूद देखे गये।