पटना

बिहारशरीफ: नहाय-खाय के साथ छठ पर्व शुरू


मिट्टी के बर्तन, चूल्हे और सूप-दौरा का बाजार सजा

बिहारशरीफ। लोक आस्था का महापर्व चैती छठ आज से शुरू हो गया। चारदिवसीय छठ अनुष्ठान के पहले दिन महिलाओं ने नहा-खाकर छठ का प्रसाद बनाया और अपने सगे-संबंधियों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। छठ को लेकर बाजारों में भीड़-भाड़ और रौनकता बढ़ गयी है। छठ सामग्री की बिक्री की दुकानें सज चुकी है। नहाय-खाय के दिन कद्दु की बिक्री पूरे जोरों पर रही।

आगामी कल छठव्रती लोहंडा करेंगी। इस दिन पूरे दिन उपवास में रहकर शाम में प्रसाद ग्रहण करने की प्रथा है और इसके अगले दिन भगवान भाष्कर के अस्ताचलगामी स्वरूप को अर्घ्य दिया जाता है और उसके अगले दिन उदयगामी भाष्कर को अर्घ्य के साथ छठ पर्व संपन्न होता है।

छठ पर्व को लेकर बाजारों में मिट्टी के चूल्हे, मिट्टी के बर्तन के साथ सूप, दौरा, आदि की दुकानें सज चुकी है, जहां छठ करने वाले लोग खरीदारी के लिए जमा होने लगे है। महंगाई का असर छठ सामग्रियों पर भी दिख रहा है। मिट्टी का चूल्हा और मिट्टी के बर्तन सहित सूप और दौरे की कीमत भी पिछली बार की अपेक्षा काफी बढ़ी है। बावजूद इसके खरीदारों की भीड़ लगी है। इसकी एक वजह यह भी है कि पिछले दो वर्षों से लगातार कोविड को लेकर चैती छठ का आयोजन नहीं के बराबर हुआ। जिन लोगों ने व्रत रखा वे लोग घरों में हीं अर्घ्य देकर पूजा संपन्न किये। लेकिन इस बार पाबंदियां समाप्त हुई है और ऐसे में सभी लोग खुलकर लोक आस्था के इस पर्व को मनाने के लिए जुटे हुए है। यही वजह है कि खरीदारी को लेकर भीड़ जुट रही है। दुकानें भी सजी हुई है, कीमत भी अधिक है।