पटना

बिहारशरीफ: रविवार इस साल का रहा सबसे ठंडा दिन


  • न्यूनतम तापमान गिरकर पहुंचा 5 डिग्री जबकि अधिकतम 19 डिग्री
  • 5 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही वेस्ट साउथ वेभ ने बढ़ाई और मुश्किलें

बिहारशरीफ (आससे)। ठंड से लोगों को अभी तक राहत नहीं मिली है। रविवार का दिन बिहारशरीफ एवं नालंदा के लिए सबसे सर्द दिन रहा। न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री रहा। दिन में धूप निकलने के बाद लोगों ने थोड़ी राहत जरूर महसूस की, लेकिन सुबह दिन चढ़ने तक लोग ठंड से ठिठुरते रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो आगामी कल से न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार है। इससे ठंड में थोड़ी कमी आयेगी।

रविवार को बिहारशरीफ का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरा जो इस साल का सबसे न्यूनतम तापमान रहा। हालांकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री रहा। आगामी कल न्यूनतम तापमान बढ़कर 7 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसी प्रकार मंगलवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 डिग्री और बढ़ोतरी के आसार है।

रविवार की सुबह कोहरा तो रहा, लेकिन धूप भी निकल गयी। परंतु शाम होते-होते वातावरण में घना कोहरा छा गया, जिससे ठंड में फिर वृद्धि हुई। रविवार को वेस्ट साउथ वेभ के चलने से ठंड और बढ़ती रही। 5 से 6 किलोमीटर की रफ्तार से ठंडी हवा ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। वातावरण में आर्द्रता बढ़कर 91 फीसदी तक पहुंच गयी।

ठंड बढ़ने के साथ हीं ठंडजनित रोगियों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है। चाहे निजी अस्पताल हो या सरकारी अस्पताल, बच्चे से लेकर बूढ़े तक ठंड से ग्रसित होकर पहुंच रहे है।