पटना

बिहारशरीफ: समर्पण सम्मान समारोह में साहित्य, समाज एवं खेल में योगदान देने वाले पांच लोग हुए सम्मानित


बिहारशरीफ (आससे)। परमेश्वरी देवी सेवा संस्थान ट्रस्ट व किड्ज केयर कान्वेंट के तत्वावधान में आयोजित समर्पण सम्मान समारोह-2021 में साहित्य, समाजसेवा, खेल में अतुलनीय योगदान हेतु 5 विभूतियों को परमेश्वरी देवी सेवा संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री प्रकाश, सचिव व किड्ज केयर कान्वेंट के निदेशक विनय कुमार व ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष व विद्यालय की प्राचार्या नूतन कुमारी के द्वारा सम्मानित किया गया।

समर्पण सम्मान का अर्पण समाजसेवा के लिए जिला आईकॉन डॉ आशुतोष कुमार मानव (हिलसा), चिकित्सा के क्षेत्र में समर्पित डॉ॰ रजनीश कुमार (पटना), मगही भाषा उत्थान, साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में मगही कवि उमेश प्रसाद उमेश (बिहार शरीफ), पर्वतारोही अर्पणा सिन्हा (मेघी) एवं सामाजिक उत्थान हेतु वीरेंद्र कुमार (छत्तीसगढ़) को श्रीफल, स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र, तुलसी का पौधा और अंगवस्त्र से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन युवा कवि संजीव कुमार मुकेश ने किया। अध्यक्षता ट्रस्ट के संरक्षक रामेश्वर प्रसाद ने किया। आगत अतिथियों के सम्मान में किड्ज केयर कान्वेंट की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के संयोजक विनय कुमार ने कहा कि समर्पण सम्मान का आयोजन समाज के उन विभूतियों के प्रति कृतज्ञता है जिन्होंने अपना जीवन समाज को समर्पित कर दिया है। धन्यवाद ज्ञापन महादेव मैरेज हॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋषभ राज ने किया। कार्यक्रम अखाड़ा पर स्थित महादेव मैरिज हॉल में आयोजित किया गया।

सम्मान समारोह में नामी-गिरामी कवियों द्वारा कविता पाठ का भी किया गया। कवि सम्मेलन की शुरुआत संचालन करते संजीव कुमार मुकेश ने मां की महत्ता को वर्णित करते हुए अपने गीत ‘‘जीवन के हर शब्द-शब्द अक्षर अक्षर में माँ’’, ‘‘माँ ही गीता वेद रामायण, वाणी स्वर में माँ’’ से किया। जबकि कवि सम्मेलन में उदय शंकर शर्मा, हास्य कवि रंजीत दुधु ने अपने चीर परिचित अंदाज में ‘‘हम जीव हूँ चिड़ियाँ खाना के’’ सहित कई रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। दिल्ली से आये कवि कुमार नवीन गौरव ने बिहार की महिमा का बखान अपने गीत में किया।

वरिष्ठ कवि उमेश प्रसाद उमेश ने मगध की महिमा से लाबालब अपना प्रसिद्ध गीत ‘‘मगह के माटी में लह-लह धान हे सुन, गोरिया, जेकर नामी मगही पान के सुन गोरिया’’ श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। प्रसिद्ध कवि जयराम देवसपुरी सहित कई अन्य प्रसिद्ध कवियों के कव्यपाठ ने भी श्रोताओं को गुदगुदाया भी और जन चेतना भी जागृत किया। ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष नूतन कुमारी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम को कोरोना के नियमों के अनुरूप मास्क सैनिटाइजर एवं थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था कार्यक्रम स्थल पर किया गया था।