News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब

राजकीय सम्मान के साथ होगा मिल्खा सिंह का अंतिम संस्कार, पंजाब में रखा गया एक दिन का शोक


चंडीगढ़, । फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर भारत के पूर्व धावक मिल्खा सिंह का शुक्रवार देर रात कोरोना से निधन हो गया। मिल्खा सिंह 91 साल के थे। उनके निधन पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मिल्खा सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। कैप्टन सिंह ने ट्विट कर कहा, ‘मैंने निर्देश दिया है कि दिवंगत मिल्खा सिंह जी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इसके साथ ही इस महान खिलाड़ी के प्रति सम्मान स्वरूप पंजाब में एक दिन का राजकीय शोक रहेगा।’ मिल्खा सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार शाम 5 बजे उनके गृहनगर चंडीगढ़ में होगा।

इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर कहा था, ‘मिल्खा सिंह जी के निधन से दुखी और स्तब्ध हूं । इससे भारत और पंजाब के लिये एक युग का अंत हो गया । उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना । वह आने वाली पीढियों के लिये प्रेरणास्रोत रहेंगे।’

चार बार के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मिल्खा सिंह ने 1958 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया था। हालांकि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1960 के रोम ओलंपिक में था जिसमें वह 400 मीटर फाइनल में चौथे स्थान पर रहे थे। मिल्खा सिंह ने 1956 और 1964 ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था। साल 1959 में उन्हें पद्मश्री से नवाजा गया था।