पटना

राजगीर: गांवों को स्मार्ट बनाने का काम कर रही सूबे की सरकार: श्रवण कुमार


राजगीर (नालंदा) (आससे)। पानी का बचाव बहुत जरूरी है। जल प्रदूषित न करें। साफ रखें। सूबे की सरकार जल संरक्षण के लिए आहर, पोखर व नहर की उड़ाही का कार्य करवा रही है। अपने घर व आस-पास के इलाके को साफ-सुथरा रखें। इससे बीमारी भी दूर रहेगी। ये बातें ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने शनिवार को गोरौर के घासी बिगहा में नेहरू युवा केन्द्र द्वारा आयोजित जागरूकता अभियान में कहीं।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में स्वच्छता का ख्याल रखना है। गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए सरकार ने हर घर में शौचालय का निर्माण कराया। खुले में शौच न करें। न करने दें। इससे कई तरह की बीमारी होती है। सूबे की सरकार गांवों को विकसीत करने के लिए मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत हर घर नल से जल, हर घर बिजली, पक्की नाली एवं गली सहित अन्य तरह की योजना चला रही है। इससे गांवों के लोगों को अब शहरों के जैसी सुविधा मिलने लगी है।

मंत्री ने गांव के लोगों के बीच मास्क, सैनिटाइजर, साबुन, डस्टबिन, झाड़ू का वितरण किया। उन्होंने नेहरू युवा केन्द्र को युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की बात कही। युवा ही देश के विकास में सही भूमिका निभा रही है। जल को बचाएं। उसे बर्बाद न करें। जल हमारे जीवन के लिए काफी जरूरी है। नेहरू युवा केन्द्र की जिला युवा अधिकारी पिंकी गिरि ने युवाओं को जल संरक्षण अभियान को मजबूत बनाने की बात कही।

इस मौके पर जदयू नेता जयराम सिंह, जदयू नेता मुन्ना कुमार, जदयू नगर अध्यक्ष राकेश कुमार, लेखापाल शिवनारायण दास, अजीत कुमार वर्मा, सतीश कुमार, उदय पटेल, अनुराग पांडेय, नवीन मांझी, अनूप कुमार लड्डू, अनिल कुमार, उमेश भगत, सोनु कुमार, संजीव रंजन उर्फ पप्पू सहित अन्य मौजूद थे।

वहीं मंत्री श्रवण कुमार ने शनिवार को सिलाव थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव पहुंचकर छेड़खानी मामले के पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि घबराना नहीं है। सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। कहा कि घटना में शामिल जो भी लोग हैं उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इसके लिए उन्होंने संबंधित थाना को भी निर्देश दिया।

सिलाव थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में 12 फरवरी को एक लड़की के साथ कुछ लोगों ने छेड़खानी की थी। इसके बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर सिलाव पुलिस ने बरनौसा के रामगुलाम सिंह के पुत्र संतोष सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि उसमें कुछ अन्य लोग भी शामिल थे।