पटना

राजगीर: सब ठीक-ठाक रहा तो एक सप्ताह के बाद नेचर एवं जू सफारी का मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन : मंत्री


राजगीर (नालंदा) (आससे)। पर्यटन स्थल राजगीर में चल रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट नेचर एवं जू सफारी का उद्घाटन जल्द ही एक सप्ताह के बाद होने जा रहा है। राजगीर पर्यावरण से हरा भरा रखने के लिए बिहार में 5 करोड़ पेड़ लगाने का भी लक्ष्य रखा गया है।

यह बातें पर्यावरण एवं वन विभाग के मंत्री नीरज सिंह बबलू ने प्रेस वार्ता के दौरान संवाददाताओं के बीच राजगीर परिसदन में कहीं। मंत्री ने कहा कि राजगीर में चल रहे इन योजनाओं को चालू करने के लिए मैं निरीक्षण करने आया हूं एवं अपने पदाधिकारियों के साथ मिलकर समीक्षा बैठक भी करूंगा कि इस योजनाओं का चल रहा कार्य की स्थिति क्या है क्या त्रुटियां है कब तक  कार्य  पूरा हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सब ठीक-ठाक रहा तो एक सप्ताह के बाद जल्द ही मुख्यमंत्री के हाथों इस नेचर एवं जू सफारी का उद्घाटन कर पर्यटकों सहित आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। पर्यावरण एवं वन विभाग के मंत्री नीरज सिंह बबलू ने कहा कि राजगीर को प्रदूषण मुक्त करने को लेकर हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जल जीवन हरियाली, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण पर विशेष ध्यान दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि राजगीर में प्रदूषण मुक्त हद तक रहे इसके लिए इलेक्ट्रिक बस तो चलाएं ही गए हैं साथ ही साथ इलेक्ट्रिक कार भी राजगीर की सड़कों पर दौड़ेगी। उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में 30 करोड़ पेड़ लगाए जा चुके हैं ,इसके अलावे 5 करोड़ पेड़ और लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

मंत्री ने कहा कि पूरे बिहार में अवैध रूप से चलाए जा रहे चिमनी भट्टा एवं आरा मशीन के मालिकों पर चिन्हित कर कार्रवाई करते हुए बंद किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि अगर कहीं कोई सूचना मिलती है कि अवैध रूप से चिमनी भट्टा या आरा मशीन चला रहा है तो हमें तुरंत सूचित करें उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय जनप्रतिनिधि लोगों ने मंत्री से आग्रह करते हुए कहा है कि सुबह में मॉर्निंग वॉक करने के लिए बेनुवन को सुबह स्थानीय लोगों के लिए खोल दिया जाए, इस पर मंत्री ने आश्वासन दिया है। इस अवसर पर विधान पार्षद नूतन कुमारी, भाजपा के जिला अध्यक्ष रामसागर सिंह, मंडल अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष विकास कुमार ,श्याम किशोर सिंह ,जिला अध्यक्ष विश्वजीत पासवान, गीता यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं राजगीर के प्रबुद्ध लोग शामिल हुए।