News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

राजेंद्र पाल गौतम की जगह मंत्री बनेंगे राजकुमार आनंद, पत्नी भी रह चुकी हैं AAP विधायक


नई दिल्ली । दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी सरकार में मतांतरण को लेकर हुए विवाद के चलते हटाए गए मंत्री राजेंद्र पाल गौतम का स्थान विधायक राजकुमार आनंद (AAP MLA Rajkumar Anand) लेंगे। इसका ऐलान अरविंद केजरीवाल कभी भी कर सकते हैं और आगामी कुछ दिनों में उनका शपथ ग्रहण करवाया जा सकता है। 

जाटव समाज से आते हैं राजकुमार आनंद

यहां पर बता दें कि पटेल नगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के एमएलए राजकुमार आनंद भी जाटव समाज से आते हैं। दरअसल, मतांतरण विवाद की वजह से मंत्रिपद से हटाए गए राजेंद्र पाल गौतम भी जाटव बिरादरी से आते हैं। यह पहले ही तय गया था कि किसी जाटव बिरादरी के ही विधायक को मंत्री बनाया जाएगा। ऐसे में राजकुमार आनंद का चयन किया गया है।

एलएलबी हैं राजकुमार आनंद

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2022 में 11 हजार वोटों से पटखनी देकर जीत हासिल करने वाले आम आदमी पार्टी विधायक राजकुमार आनंद एलएलबी हैं। वह AAP के उन विधायकों में शुमार हैं, जो बेहद पढ़े लिखे हैं। शायद यही वजह है कि अरविंद केजरीवाल ने राजकुमार की योग्यता को देखते हुए उनके नाम पर मुहर लगाई है।

पत्नी भी रह चुकी हैं विधायक

बता दें कि राजकुमार आनंद की पत्नी बीना आनंद भी आम आदमी पार्टी सीट से विधायक रह चुकी हैं।

मंगलवार को राजेंद्र पाल का इस्तीफा हुआ था मंजूर

गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रहे राजेंद्र पाल गौतम का इस्तीफा मंगलवार की शाम को स्वीकार कर लिया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब जल्द ही नए समाज कल्याण मंत्री का ऐलान कर सकते हैं। मंत्री पद की दौड़ में अनेक नए नाम बताए जा रहे हैं। याद रहे कि गौतम पर हिंदू देवी-देवताओं के अपमान का आरोप लगा था, जिसके बाद उन्होंने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

दरअसल, दशहरे के दिन करोलबाग स्थित आंबेडकर भवन में ”मिशन जय भीम” कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें शपथ ली गई थी। इसके पाद सोशल मीडिया पर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम का हिंदू देवी-देवताओं की पूजा नहीं करने की शपथ लेने संबंधी वीडियो वायरल होने पर भाजपा नेताओं ने नाराजगी जताई थी। स्वयं मुख्यमंत्री भी गौतम से काफी नाराज हो गए थे।