पटना

रामविलास को पद्म भूषण, मृदुला को पद्मश्री


बिहार के पांच को पद्म सम्मान

पटना (आससे)। पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान को जनसेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान मिला है। साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए गोवा की पूर्व राज्यपाल मृदुला सिन्हा को भी मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को गृह मंत्रालय द्वारा इन पुरस्कारों की घोषणा की गई। बिहार की पांच हस्तियों को पद्म भूषण और पद्म श्री सम्मान से नवाजे गए हैं। देशभर में कुल 119 हस्तियों को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया है।

बिहार से ही कला के क्षेत्र में दुलारी देवी व रामचंद्र मांझी जबकि चकित्सा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए डॉ. दिलीप कुमार सिंह को पद्म श्री सम्मान दिया गया है। लौंड नाच की परंपरा को आगे बढ़ानेवाले रंगमंच के कलाकार रामचन्द्र मांझी, बिहार के छपरा से ताल्लुक रखते हैं। इस वर्ष मार्च में इन हस्तियों को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले समारोह में पद्म सम्मान प्रदान किया जाएगा।

देशभर के कुल 119 हस्तियों को पद्म सम्मान मिला है। इनमें सात हस्तियों को पद्म विभूषण, 10 को पद्म भूषण और 102 को पद्म श्री मिला है। सम्मान पानेवालों में 29 महिलाएं हैं। बिहार से किसी शख्सियत को पद्म विभूषण सम्मान नहीं मिला है।