News TOP STORIES अलीगढ़ उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड कानपुर जमशेदपुर झारखंड नयी दिल्ली पंजाब पटना बंगाल बिहार मध्य प्रदेश महाराष्ट्र रांची राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

राष्ट्रपति चुनाव में क्रास वोटिंग, एनसीपी और कांग्रेस विधायक ने द्रौपदी मुर्मू को दिया वोट


 देश के 15वें राष्ट्रपति के लिए चुनाव हो रहा है। संसद भवन और राज्य की विधानसभाओं में वोटिंग जारी है। पीएम नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा कई सांसद और केंद्रीय मंत्री वोट डाल चुके हैं। कई राज्यों के सीएम भी मतदान कर चुके हैं।

राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के बीच मुकाबला है। वोटों का गणित देखे तो द्रौपदी मुर्मू की जीत पक्की मानी जा रही है। अगर द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनती हैं तो वह आदिवासी समुदाय की देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहुंचने वाली पहली शख्सियत होंगी। मतदान के बाद सभी राज्यों से मत पेटियां दिल्ली लाई जाएंगी और 21 जुलाई को वोटों की गिनती के बाद देश के नए राष्ट्रपति के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा।

  • 02:49 PM, 18 Jul 2022

    राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग जारी

    केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, प्रकाश जावड़ेकर, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव और कपिल सिब्बल ने दिल्ली में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू, कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी मतदान किया।

  • अरुणाचल प्रदेश के 60 में से 59 विधायकों ने डाला वोट

    अरुणाचल प्रदेश के 60 में से 59 विधायकों ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाल दिया है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उपमुख्यमंत्री चौना मीन ने विधानसभा में सबसे पहले वोट डाला।

  • ‘नेताजी को ISI एजेंट कहने वालों का नहीं कर सकते समर्थन’

    प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि मुलायम यादव को ISI एजेंट कहने वाले (विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा) हम उनका कभी समर्थन नहीं कर सकते। सपा के कट्टर नेता, नेताजी के सिद्धांतों का पालन करने वाले ऐसे आरोप लगाने वाले उम्मीदवार का कभी समर्थन नहीं करेंगे।

  • 02:07 PM, 18 Jul 2022

    ओडिशा में भी क्रास वोटिंग

    गुजरात और असम के अलावा ओडिशा में भी क्रास वोटिंग हुई है। कांग्रेस विधायक मोहम्मद मुकीम ने द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस विधायक हूं, लेकिन मैंने द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। यह मेरा व्यक्तिगत निर्णय है क्योंकि मैंने अपने दिल की सुनी है जिसने मुझे मिट्टी के लिए कुछ करने के लिए निर्देशित किया और इसलिए उन्हें वोट दिया।

  • 01:59 PM, 18 Jul 2022

    राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी

    कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम, नेशनल कांफ्रेंस के सांसद फारूख अब्दुल्ला, शिरोमणि अकाली दल के सांसद सिरमजीत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने भी वोट डाल दिया है।

  • 01:46 PM, 18 Jul 2022

    कांग्रेस विधायकों पर क्रास वोटिंग का आरोप

    AIUDF के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने दावा किया है कि असम में कांग्रेस के विधायकों ने क्रास वोटिंग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने रविवार को बैठक बुलाई थी। इस बैठक में सिर्फ 2-3 विधायक पहुंचे थे। सिर्फ जिला अध्यक्ष ही बैठक में पहुंचे। इससे साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रास वोटिंग की है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों ने क्रास वोटिंग की।

  • 01:39 PM, 18 Jul 2022

    राष्ट्रपति चुनाव में क्रास वोटिंग

    राष्ट्रपति चुनाव में क्रास वोटिंग हुई है। एनसीपी विधायक ने एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। गुजरात से एनसीपी विधायक कांधल जडेजा ने कहै कि मैंने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है।

  • 01:30 PM, 18 Jul 2022

    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी डाला वोट

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ऐतिहासिक संख्या के साथ राष्ट्रपति चुनाव जीतेंगी। सभी प्रतिनिधियों ने एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाने का फैसला किया है। हर कोई उनका समर्थन कर रहा है।

  • 01:22 PM, 18 Jul 2022

    ओपी राजभर ने दिया मुर्मू को वोट

    सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर ने एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना वोट दिया है। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ होकर जाता है।

  • 01:02 PM, 18 Jul 2022

    सीएम मनोहर लाल खट्टर की प्रतिक्रिया

    हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज देशभर में सभी देशों की विधानसभाओं में मतदान हो रहा है। NDA और UPA दोनों के राष्ट्रपति के उम्मीदवार का गणित पूरे देश को पता है और मैं विश्वास कर सकता हूं कि जब परिणाम आएंगे तो उसमें NDA की उम्मीदवार को चुना जाएगा।

  • 12:52 PM, 18 Jul 2022

    केरल के सीएम ने किया मतदान

    केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए तिरुवनंतपुरम में विधानसभा में अपना वोट डाला। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती में राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।

  • 12:43 PM, 18 Jul 2022

    द्रौपदी मुर्मू योग्य महिला- बोम्मई

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को बहुत समर्थन मिला है। न केवल एनडीए और उसके गठबंधन, यहां तक कि अन्य पार्टी भी उनका समर्थन कर रही हैं क्योंकि द्रोपुदी मुर्मू योग्य और प्रतिबद्धता वाली महिला हैं।

  • 12:28 PM, 18 Jul 2022

    आदित्य ठाकरे बोले- उपयुक्त उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को ही डालेंगे वोट

    राष्ट्रपति चुनाव को लेकर शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने आज एक बार फिर द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की बात दोहराई है। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि राष्ट्रपति चुनाव किसी भी राजनीतिक चुनाव से अलग होते हैं। यह सर्वोच्च पद है और एक उपयुक्त उम्मीदवार के लिए वोट डाला जाना चाहिए।

  • 12:24 PM, 18 Jul 2022

    अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में किया मतदान

    अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में किया मतदान

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला। बता दें कि आम आदमी पार्टी पहले ही यशवंत सिन्हा को समर्थन देने की बात कह चुकी है।

  • 12:19 PM, 18 Jul 2022

    पिनाराई विजयन ने भी डाला वोट

    केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए तिरुवनंतपुरम में राज्य विधानसभा में अपना वोट डाला।

  • 11:58 AM, 18 Jul 2022

    द्रौपदी मुर्मू बड़े अंतर से जीतेंगी- तारा किशोर प्रसाद

    बिहार के डिप्टी सीएम तारा किशोर प्रसाद ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू भारत के राष्ट्रपति बनने के लिए बड़े अंतर से जीत हासिल करेंगी। इस देश में खुशी का माहौल है। भारत के आदिवासी समुदाय को पहले कभी इस पद को धारण करने का अवसर नहीं मिला।

  • 11:48 AM, 18 Jul 2022

    अमित शाह ने डाला वोट

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया।

    11:41 AM, 18 Jul 2022

    ‘गोवा से सभी वोट द्रौपदी मुर्मू को मिलेंगे’

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पणजी में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। मतदान के बाद सावंत ने कहा कि गोवा से 100% लोग राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डालेंगे। मुझे यकीन है कि मेरे राज्य से द्रौपदी मुर्मू के लिए सभी वोट डाले जाएंगे।

  • 11:32 AM, 18 Jul 2022

    जयंत सिन्हा ने किया मतदान

    जयंत सिन्हा ने किया मतदान

    भाजपा सांसद और विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत सिन्हा ने संसद में अपना वोट डाला।

  • 11:30 AM, 18 Jul 2022

    भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने भी डाला वोट

    भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने वोट डाल दिया है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए विधानसभा में मतदान किया।

  • 11:20 AM, 18 Jul 2022

    पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने भी डाला वोट

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस सांसद मनमोहन सिंह ने संसद में भारत के राष्ट्रपति पद के लिए हो रहे चुनाव में वोट डाला।

    11:04 AM, 18 Jul 2022

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने डाला वोट

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया।

    11:03 AM, 18 Jul 2022

    यशवंत सिन्हा के पक्ष में करूंगा वोट- अखिलेश यादव

    सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मैं यशवंत सिन्हा के पक्ष में वोट करूंगा। देश में कोई ऐसा होना चाहिए जो सरकार को समय-समय पर अर्थव्यवस्था की स्थिति बता सके। श्रीलंका का हाल देखिए। इसलिए राष्ट्रपति ऐसा होना चाहिए जो समय-समय पर यह कह सके।

  • 10:59 AM, 18 Jul 2022

    ‘पहली बार एक आदिवासी को ऐसा स्थान मिला’

    असम सरकार में मंत्री संजय किशन ने कहा, देश में पहली बार एक आदिवासी को ऐसा स्थान दिया गया है। मैं आशा करता हूं कि यहां राजनीति से बाहर आकर सभी द्रौपदी मुर्मू जी को ही वोट देंगे। मैं अपना वोट द्रौपदी मुर्मू को ही दूंगा।

  • 10:56 AM, 18 Jul 2022

    राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग जारी

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और गिरीराज सिंह ने अपना वोट डाला।

  • 10:49 AM, 18 Jul 2022

    आदिवासी बेटी बनेगी भारत की राष्ट्रपति- शिवराज सिंह चौहान

    मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मध्य प्रदेश में हमारे विधायक राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग कर रहे हैं। एक आदिवासी बेटी… भारत की बेटी राष्ट्रपति बनेंगी। इसे लेकर आम लोगों में भी उत्साह है जोकि भारत के लोकतंत्र की विशेषता है।

  • 10:46 AM, 18 Jul 2022

    यशवंत सिन्हा ने की अंतरआत्मा की आवाज सुनने की अपील

    विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने कहा कि ये चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि आने वाले दिनों में ये दिशा तय करेगा कि भारत में प्रजातंत्र बचेगा या धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगा। अभी तक मिले संकेत से पता चलता है कि हम समाप्ति की ओर बढ़ रहे हैं। मैं आज सभी मतदाताओं से अपील करना चाहता हूं कि वो अपनी अंतरआत्मा की आवाज सुने। मैं उम्मीद करता हूं कि सब प्रजातंत्र को बचाने के लिए मेरे पक्ष में अपना वोट डालेंगे।

  • 10:42 AM, 18 Jul 2022

    मुख्यमंत्री भी डाल रहे वोट

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। साथ ही दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने विधानसभा में मतदान किया।

  • 10:35 AM, 18 Jul 2022

    जगन मोहन रेड्डी ने भी किया मतदान

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी मतदान किया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में वोट डाला।

  • 10:24 AM, 18 Jul 2022

    गुजरात और ओडिशा के सीएम ने डाला वोट

    गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में राष्ट्रपति पद के लिए चल रहे चुनाव में अपना वोट डाला। ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया।

  • 10:13 AM, 18 Jul 2022

    सीएम योगी ने डाला वोट

    राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए लखनऊ में अपना वोट डाला।

    10:01 AM, 18 Jul 2022

    राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू

    राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। देशभर के सांसद और विधायक राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा लेंगे। 21 जुलाई को मतों की गिनती की जाएगी।

  • 09:55 AM, 18 Jul 2022

    द्रौपदी मुर्मू की जीत तय- आशीष शेलार

    महाराष्ट्र भाजपा के नेता आशीष शेलार ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू की जीत तय है। हमें पूरा विश्वास है कि वह महाराष्ट्र से रिकॉर्ड वोट हासिल करेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरफ से यशवंत सिन्हा जी को मतदान किया जाएगा। ये राष्ट्रपति का चुनाव है आदिवासी और बिना आदिवासी का नहीं है ये चुनाव संविधान का है।

  • 09:35 AM, 18 Jul 2022

    राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने विधानसभा पहुंचे भाजपा विधायक

    राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डालने के लिए सभी राज्यों में तैयारी पूरी हो गई है। इस बीच पश्चिम बंगाल के भाजपा विधायकों को लेकर एक बस विधानसभा पहुंची। वे आज वोट डालेंगे।

    09:21 AM, 18 Jul 2022

    ये जनता के राष्ट्रपति का चुनाव- नड्डा

    राष्ट्रपति चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार श्रीमती मुर्मू जी सामाजिक परिवर्तन की पर्याय हैं। यह राष्ट्रपति चुनाव सामाजिक न्याय और परिवर्तन की हमारी अवधारणा को सदा के लिए प्रतिष्ठित रखने का गौरवशाली क्षण है। यह “जनता के राष्ट्रपति” का चुनाव है ।

  • 09:10 AM, 18 Jul 2022

    प्रताप सिंह बाजवा का दावा

    प्रताप सिंह बाजवा का दावा

    पंजाब में कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया कि पंजाब का 99% वोट यशवंत सिन्हा को जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीएलपी की बैठक में सभी को बताया जाएगा कि वोट किसे डालना है, गलती से किसी और को वोट न दे दी जाए ऐसी हमारी पूरी कोशिश है।

  • 09:07 AM, 18 Jul 2022

    4,809 विधायक और सांसद वोट डालेंगे

    राष्ट्रपति चुनाव के लिए 4,809 विधायक और सांसद मतदान करेंगे। संसद और विधानसभा में मतदान के लिए बूथ बनाए गए हैं। वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी।

  • 08:42 AM, 18 Jul 2022

    भाजपा विधायक नीरज तमांग जिम्बा ने जताया द्रौपदी मुर्मू की जीत का भरोसा

    दार्जिलिंग से भाजपा विधायक नीरज तमांग जिम्बा ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव महज एक औपचारिकता है। वह पहले ही जीत चुकी हैं। आंकड़े कहते हैं कि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनेंगी। खुशी का मौका है। हर तरफ से समर्थन मिल रहा है। यह ऐतिहासिक है।

  • 08:31 AM, 18 Jul 2022

    पश्चिम बंगाल: वोटिंग के लिए विधानसभा रवाना हुए भाजपा विधायक

    राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के लिए अलग-अलग राज्यों के विधायक विधानसभा जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल के भाजपा विधायक भी राज्य विधानसभा के लिए रवाना हो चुके हैं।

  • 08:16 AM, 18 Jul 2022

    एक सांसद के वोट का मूल्य 700

    President Election 2022 LIVE राष्ट्रपति चुनाव में एक सांसद के वोट का मूल्य 700 है। वहीं, अलग-अलग राज्यों में जनसंख्या के हिसाब से विधायकों के वोटो का मूल्य अलग-अलग है। यूपी के एक विधायक के वोट का मूल्य सबसे ज्यादा 208 है।

  • 07:58 AM, 18 Jul 2022

    मतदान के लिए संसद में हुई माक ड्रिल

    Presidential Election 2022 LIVE: राष्ट्रपति चुनाव से पहले संसद में माक ड्रिल की गई। संसदीय अनुभव रखने वाले भाजपा नेताओं और पार्टी के कानूनी प्रकोष्ठ के सदस्यों ने सांसदों को वोट डालने की प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन किया।

  • 07:45 AM, 18 Jul 2022

    मुर्मू को 6,67,000 मत मूल्य मिलने की संभावना

    द्रौपदी मुर्मू को 6,67,000 मत मूल्य मिलने की संभावना है। बता दें कि इस चुनाव में मतों का कुल मूल्य 10,86,431 है जिनमें मुर्मू को 6,67,000 मत मूल्य मिलने की संभावना है।

  • 07:42 AM, 18 Jul 2022

    द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी

    एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी है। उन्हें सत्ताधारी गठबंधन के अलावा बीजद, वाईएसआर कांग्रेस, अकाली दल और जदएस, झामुमो, शिवसेना और टीडीपी का समर्थन हासिल है।

  • 07:40 AM, 18 Jul 2022

    सुबह 10 बजे शुरू होगा मतदान

    President Election 2022 LIVE: राष्ट्रपति चुनाव के लिए सुबह 10 बजे से मतदान होगा। पीएम नरेन्द्र मोदी के अलावा तमाम केंद्रीय मंत्री, सांसद और विधायक मतदान करेंगे।