Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नीतीश के बाद दूसरे नंबर पर इस नेता को मिली जगह


पटना। बिहार में 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। इसके लिए कमर कसते हुए जनता दल (यूनाइटेड) ने पार्टी की 98 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है।

खास बात है कि जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश का नाम गायब है। हरिवंश को छोड़कर संसद के दोनों सदनों में पार्टी के सभी सदस्यों और राज्य कैबिनेट के सभी जद (यू) मंत्रियों का नाम राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची में है।

पार्टी के एक नेता ने कहा कि जदयू के सभी सांसद राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदेन सदस्य हैं। पार्टी के लोकसभा में बिहार से 16 सांसद हैं और राज्यसभा में हरिवंश सहित पांच सांसद हैं।

नीतीश कुमार की पार्टी जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित 98 सदस्य हैं।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह ने बुधवार को नई कार्यकारिणी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के परामर्श पर नई कार्यकारिणी बनी है।

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सूची में पहले नंबर पर नाम है। दूसरे नंबर पर वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का नाम है। इसके बाद उपाध्यक्ष पूर्व सांसद मंगनी लाल मंडल का नाम है।

पूर्व सांसद मंगनीलाल मंडल राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं केसी त्यागी विशेष सलाहकार सह मुख्य प्रवक्ता बनाए गए हैं। सांसद आलोक कुमार कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। कार्यकारिणी में 22 महासचिव और सात सचिव हैं।

कार्यकारिणी में 22 महासचिव और सात सचिव

मंत्री संजय झा, सांसद रामनाथ ठाकुर, गिरिधारी यादव, संतोष कुमार कुशवाहा,चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, आरपी मंडल, विजय कुमार मांझी, पूर्व मंत्री मंत्री रामसेवक सिंह, दशई चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा और पूर्व सांसद अली अशरफ फातमी महासचिव बनाए गए हैं

इसके साथ ही कहकशां परवीन, रामकुमार शर्मा, गुलाम रसूल बलियावी, धनंजय सिंह, विधान पार्षद अफाक अहमद खान, कपिल हरिश्चंद्र पाटिल, पूर्व विधायक राजीव रंजन (प्रवक्ता), कमर आलम, सुनील कुमार, हर्षवर्द्धन सिंह एवं राज मान सिंह भी महासचिव हैं।

वहीं, विद्यासागर निषाद, रवींद्र प्रसाद सिंह, रंजन प्रसाद, संजय वर्मा, अनूप पटेल, दयानंद राय एवं संजय कुमार राष्ट्रीय सचिव हैं।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य

सांसद बशिष्ठ नारायण सिंह, सरकार के मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, श्रवण कुमार, लेशी सिंह, मदन सहनी, शीला मंडल, जयंत राज, सुनील कुमार, मो. जमा खान एवं रत्नेश सदा के अलावा विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है।

पार्टी के सभी सांसद राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदेन सदस्य बनाए गए हैं। जदयू के सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा कई पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य होंगे।