News TOP STORIES नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राजस्थान राष्ट्रीय

राहुल गांधी 16 दिन मध्य प्रदेश में करेंगे पदयात्रा, इन विधानसभा क्षेत्रों पर रहेगा फोकस


भोपाल, । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी नवंबर-दिसंबर माह में 16 दिन मध्य प्रदेश में रहेंगे। भारत जोड़ो यात्रा के अंतर्गत उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन के बाद बड़ी सभा को संबोधित करेंगे। यात्रा सात जिलों के 25 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। इंदौर जिले के सर्वाधिक विधानसभा क्षेत्र इस यात्रा के दायरे में आएंगे। पार्टी नेताओं का मानना है कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राहुल गांधी की यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण साबित होगी।

मध्य प्रदेश का मालवा और निमाड़ भाजपा का गढ़ रहा है। यहां के अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा जीत हासिल करती आई है लेकिन वर्ष 2018 के चुनाव में कांग्रेस ने इन दोनों क्षेत्रों में अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन किया। खरगौन जिले में भाजपा एक भी सीट नहीं जीत पाई थी तो बड़वानी में केवल एक सीट पर विजय मिली थी। इंदौर में भी कांग्रेस ने चार सीटें जीती थीं। हालांकि, उपचुनाव में सांवेर की सीट भाजपा के खाते में चली गई। धार की सात में से छह सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के भाजपा में जाने के बाद हुए उपचुनाव में यह सीट कांग्रेस के पास चली गई। इस दृष्टिकोण से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वे प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 24 नवंबर को बुरहानपुर से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेंगे। यहां की दोनों सीटों (नेपानगर और बुरहानपुर) से होते हुए यात्रा खंडवा, खरगौन, बड़वानी, धार, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा के सुसनेर विधानसभा से होते हुए दस दिसंबर के आसपास राजस्थान के कोटा में प्रवेश करेगी। इस दौरान इंदौर की डा.आंबेडकर नगर, राऊ, सांवेर, इंदौर एक, तीन और चार विधानसभा क्षेत्र से गुजरेगी।

उज्जैन के तराना, घट्टिया, उज्जैन दक्षिण और उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र में यात्रा होगी। राहुल गांधी महाकाल दर्शन के बाद उज्जैन में बड़ी सभा को संबोधित करेंगे। खरगौन के बड़वाह और खंडवा के पंधाना विधानसभा क्षेत्र भी यात्रा पहुंचेगी। प्रदेश में कुल 382 किलोमीटर की यात्रा प्रस्तावित है। राऊ से विधायक पूर्व मंत्री जीतू पटवारी भारत जोड़ो यात्रा के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस द्वारा गठित समिति के सदस्य हैं।

कांग्रेस के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी जुटेंगे

सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी की मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सभी वरिष्ठ पदाधिकारी जुटेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, अरण यादव, सुरेश पचौरी, अजय सिंह सहित सभी विधायक, प्रदेश पदाधिकारी यात्रा में शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पूरे समय यात्रा के साथ रहेंगे। उज्जैन की सभा की तैयारियों के लिए जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।

घर-घर बांटे जाएंगे पर्चे

मध्य प्रदेश में यात्रा के समन्वयक पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान जनसंवाद होगा। राहुल गांधी महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक असमानता सहित अन्य मुद्दों पर सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान पार्टी प्रदेशभर में यात्रा से जुड़े मुद्दों को लेकर घर-घर पर्चे बांटेगी। इसमें सभी जिला, ब्लाक इकाइयों के साथ विभिन्न सहयोगी संगठन प्रभावी भूमिका निभाएंगे। इसकी कार्ययोजना तैयार की जा रही है।