पटना

रूपौली: अनुमंडल शासन प्रशासन ने चलाया सघन मॉस्क जांच अभियान


रूपौली (पूर्णिया)(आससे)। अनुमंडल शासन-प्रशासन ने संयुक्त रूप से मॉस्क जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी पूर्णिया के आदेश के आलोक में धमदाहा अनुमंडल प्रशासन ने मुख्यालय में जांच अभियान चलाकर आमजनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए सामाजिक दूरी और मॉस्क उपयोग करने की हिदायतें दी।

जांच अभियान में उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी राजेश्वरी पांडे ने बताया कि पिछले कई दिनों से यह देखा जा रहा था कि सार्वजनिक स्थानों,वाहनों,दुकानों एवं बाजारों में फेस मास्क के उपयोग में ढिलाई तथा सोशल डिस्टेंसिंग के अनुपालन में लापरवाही बरती जा रही है। इसी के मद्देनजर यह विशेष अभियान चलाया गया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि कुछ राज्यों में कोविड-19 के संक्रमण में अप्रत्याशित वृद्धि की भी संभावना जताई गई है तथा पड़ोसी जिले में भी संक्रमण के कई मामले सामने आए हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में आज धमदाहा में मास्क नहीं पहने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सघन रूप से गहन जांच अभियान चलाई गई तथा मास्क नहीं पहने वाले कई व्यक्तियों से चालान काटा गया।

मौके पर उपस्थित अपर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार सज्जन ने आम जनता से अपील किया कि वे सार्वजनिक स्थानों, घर से बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल अवश्य करें। साथ ही साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। अन्यथा मास्क नहीं पहने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विकास चंद्र, वरीय उप समाहर्ता अनुपम, थानाध्यक्ष राज किशोर शर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के लोग मौजूद रहे।