पटना

रूपौली: प्रातःकाल विद्यालय का संचालन शुरू, मॉस्क उपयोग कम


रूपौली (पूर्णिया)(आससे)। रूपौली प्रखंड क्षेत्र में प्राथमिक सहित मध्य विद्यालयों में प्रातःकाल शिक्षण का संचालन गुरुवार से शुरू तो हो गया। बच्चे बच्चियों के द्वारा वर्ग में सामाजिक दूरी का पालन तो किया जा रहा था। किन्तु मॉस्क का उपयोग न के बराबर किया गया था। होली और शव ए बरात अवकाश के बाद प्रातःकाल विद्यालयों के खुलने से रौनक लौटी परन्तु प्रायः विद्यालयों में पहला दिन उपस्थिति कम रही।

बता दें कि प्रखंड क्षेत्र में कुल प्राथमिक और मध्य विद्यालयों की संख्या 151 है। जहां प्रथम से वर्ग आठ तक के छात्र-छात्राओं का पठ्न-पाठन गुरुवार से प्रातःकाल को प्रारंभ होना निश्चित किया गया था और प्रारंभ भी हुआ।

मध्य विद्यालय मैनी में बच्चों के बीच सोशल डिस्टेंस और मॉस्क का अनुपालन किया गया था। जबकि प्रखंड मुख्यालय स्थित आदर्श मध्य विद्यालय रूपौली में कुछेक उच्च वर्ग के छात्रों को छोड़ लगभग सभी बच्चों के द्वारा मॉस्क का उपयोग नहीं किया गया था। वहीं विद्यालय में पदस्थापित कुल 13 शिक्षक शिक्षिकाओं के बाबजूद शिक्षक विहीन कक्षा का संचालन हो रहा था।

प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहम्मद मोजाहिद ने बताया कि विद्यालय को सैनिटाइज के साथ साथ साफ-सफाई भी करवा दी गई है। प्रथम दिन बच्चे की उपस्थिति कम है। जबकि अभी तक विद्यालय के 300 बच्चों के बीच 600 मॉस्क का वितरण किया जा चुका है।