News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

रूस को जी-20 से बाहर करने को भारत पर भी बढ़ेगा दबाव


  • नई दिल्ली। रूस को लेकर भारत पर पश्चिमी देशों का दबाव कम होता नजर नहीं आ रहा। संकेत है कि यह दबाव आने वाले दिनों में और बढ़ेगा। इन देशों की तरफ से भारत पर अब एक नया दबाव यह बनाया जा रहा है कि रूस को समूह-20 (जी-20) की बैठक से बाहर करने में वह पहल करे। यह भारत के लिए ज्यादा दुविधा वाला साबित हो सकता है क्योंकि वर्ष 2023 में जी-20 की शिखर बैठक भारत में होनी है जबकि 2022 की बैठक इंडोनेशिया में होनी है।

सोमवार को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त ने साफ कहा कि जी-20 बैठक में पुतिन नहीं होने चाहिए। हम इसके लिए लगातार लाबिंग करते रहेंगे। संकेत इस बात के हैं कि इस महीने अमेरिका और जापान के साथ भारत की होने वाली टू प्लस टू वार्ता में भी यह मुद्दा उठाया जाएगा।

भारत और अमेरिका के बीच टू-प्लस-टू वार्ता (दोनों देशों के विदेश व रक्षा मंत्रियों की) 11 अप्रैल, 2022 को वाशिंगटन में होनी है। इसके लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अमेरिका जाएंगे। उसके तुरंत बाद दोनों के टोक्यो जाने की सूचना है।