Latest News अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

रूस-यूक्रेन युद्ध पर बोरिस जानसन ने की पीएम मोदी से बात


लंदन, । रूस-यूक्रेन युद्ध से गंभीर होते हालात पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात की। जानसन ने रूस की कार्रवाई को विश्व के लिए खतरनाक बताया। डाउनिंग स्ट्रीट की प्रवक्ता ने दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का ब्योरा देते हुए कहा कि जानसन ने भारत का क्षेत्र में शांति बहाली को बढ़ावा देने और तनाव कम करने के लिए ब्रिटेन के साथ काम करने का आह्वान किया। दोनों नेता इस बात पर सहमत थे कि अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करके ही आगे बढ़ा जा सकता है।

प्रवक्ता ने कहा कि पीएम जानसन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कार्रवाई को विश्व के लिए बहुत ही खतरनाक और परेशान करने वाली बताया है। दोनों नेताओं ने माना कि यूक्रेन की एकता और संप्रभुता का सम्मान होना चाहिए। रूस को संयुक्त राष्ट्र चार्टर का पालन करना चाहिए।

यूक्रेन को दी जा रही मानवीय सहायता के बारे में पीएम मोदी ने दी जानकारी

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने समकक्ष को भारत की तरफ से यूक्रेन को दी जा रही मानवीय सहायता के बारे में जानकारी दी। द्विपक्षीय संबंधों के संदर्भ में दोनों प्रधानमंत्रियों ने कहा कि वे जल्द से जल्द व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए उत्सुक हैं।