पटना

रोहतास: रेलवे द्वारा कुम्हुऊ एवं शिवसागर रोड स्टेशनों के बीच मात्र 6 घंटे में किया गया रेल पुल का पुनर्निर्माण


डिहरी ऑन सोन (रोहतास)(आससे)। पूर्व मध्य रेल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में संरक्षित रेल परिचालन के लिए बड़े पैमाने पर उन्नयन कार्य किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) पूर्णतः संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित रखने हेतु निरंतर कार्यरत है। मंडल के अंतर्गत विभिन्न रेल अवसंरचनाओं का निरंतर विकास, उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधवार की देर रात  को ट्रैक सेफ्टी को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डीडीयू मंडल के सबसे व्यस्ततम डीडीयू-डेहरी-गया  रेलखंड में कुम्हुऊ एवं शिवसागर रोड स्टेशनों के बीच स्थित एक पुराने लघु रेल पुल (Minor Rail Bridge) (पुल संख्या -590) के स्थान पर नए लघु रेल पुल का निर्माण किया गया। ऊपर से रेल लाइन हटाते हुए लगभग 120 वर्ष पुराने इस लघु रेल पुल के ढांचे को ध्वस्त करने के बाद नए पुल हेतु प्रीकास्ट आरसीसी बॉक्स व उनके स्लैब स्थापित किये गये। सटीक कार्ययोजना एवं समन्वय के साथ इस रेल पुल के पुनर्निर्माण का कार्य मात्र 6 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

इस पुल के पुनर्निर्माण कार्य के दौरान वरीय मंडल अभियंता (समन्वय) एच सी यादव, वरीय मंडल अभियंता अभिषेक साव,सहायक मंडल अभियंता सुमन कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य)वाई पी शर्मा, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेल पथ) अभय कुमार सहित अन्य अधिकारी कार्यस्थल पर उपस्थित रहे।