Latest News उत्तर प्रदेश

लखनऊमें गैंगवार,मुख्तारके करीबी की गोली मारकर हत्या


लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में बुधवार रात करीब 9 बजे दो बाहुबली गुटों के बीच गैंगवार हुआ। इस दौरान मऊ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह उर्फ लंगड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अजीत सिंह को बाहुबली मुख्तार अंसारी का करीबी बताया जा रहा है। मृतक अजीत सिंह मऊ के मोहम्मदाबाद गोहाना के ब्लॉक प्रमुख रहे हैं। वारदात के दौरान अजीत सिंह का साथी मोहर सिंह और फूड सप्लाई कंपनी का एक कर्मचारी प्रकाश घायल हो गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चश्मदीद लोगों के मुताबिक, दोनों गुटों के बीच करीब 25-30 राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान गोली लगने से अजीत सिंह की मौत हो गई। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को शक है कि आजमगढ़ के एक बाहुबली के इशारे पर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, तीन बदमाश कठौता झील पर पैदल आए थे। जैसे ही पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह गाड़ी से वहां पहुंचे, बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू दी। इसके बाद तीनों बदमाश कार में बैठकर फरार हो गए। बताया जा रहा कि बचाव में अजीत सिंह की तरफ से भी फायरिंग की गई थी। मौके से पुलिस को कारतूस के 8 खोल मिले हैं।