Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

लालकिले के बैनर पर सियासत: चिराग ने नीतीश से पूछा- जनता के बीच कौनसा मॉडल रखेंगे


पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार शाम पटना की जिस इफ्तार पार्टी में शामिल हुए, उसके मंच पर लालकिला का बैनर लगाए जाने पर सियासत तेज हो गई। भाजपा समेत कई विपक्षी नेताओं ने नीतीश कुमार पर हमला बोला है।

बिहार विधान परिषद के सदस्य और भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन इफ्तार पार्टी में लाल किला के पोस्टर पर निशाना साधते हुए कहा- तस्वीर लगाने से लाल किला नहीं मिलता है। 272 से ज्यादा सीटें जीतने पर मिलता है। इफ्तार पार्टी में गए, वहां लालकिला की तस्वीर लगी थी, इसका मतलब ये नहीं है कि वहां प्रधानमंत्री पद की कोई वैकेंसी खाली है। तस्वीर लगाने से लालकिला नहीं मिलता है।

‘बीमारी में दिख रहा था लालकिला का सपना’

बिहार में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने भी सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार की सियासी साख लगातार घट रही है। अब हमको लगता है कि वे बीमार हो गए हैं। बुजुर्ग भी हैं। ऐसी परिस्थिति में उनको लालकिला का सपना दिखा रहा। उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग नीतीश कुमार को लालकिला का सपना दिखा रहा हैं, वे लोग पिछली बार दो ही सीटों पर सिमट गए थे। इस बार उनको दो सीटें भी नहीं मिलेंगी।

‘नीतीश मस्जिद में ही ऑफिस खोल दें’

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार मुंगेरी लाल की तरह हसीन सपने देखना चाहते हैं तो देखने दीजिए उनको कौन रोक रहा है। लालकिला बनाकर प्रधानमंत्री बनने के ख्वाब देख रहे हैं तो देखने दीजिए कौन रोक रहा है। लोग बधाई दें। वे चाहे तो मस्जिद में ही अपना ऑफिस खोल दें, कौन मना करेगा।

कौन सा मॉडल लेकर जाएंगे देश की जनता के सामने?

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी नीतीश कुमार को घेरा। चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी ढंग से निभा नहीं पाए, वे देश की जिम्मेदारी कैसे निभा पाएंगे। नीतीश कुमार किस मॉडल के साथ जाएंगे देश की जनता के सामने। क्या देश की जनता के सामने बिहार में हो रहीं हत्याएं, दुष्कर्म, दंगे, जहरीली शराब से मौतें  और बिहार की गिरती अर्थव्यवस्था को सामने रखेंगे। क्या यही बिहार मॉडल देश के सामने रखेंगे।

भाईचारा देखना है, मध्य प्रदेश आइए…

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, मैं नीतीश कुमार से सिर्फ इतना ही कहूंगा कि ये इफ्तार की नौटंकी उन्हें बंद कर देनी चाहिए। पूरे बिहार में दंगे फैलाए। लगे लगाकर छुरा घोंपने का स्वांग किया। भाईचारा क्या होता है, यह देखना है तो मध्यप्रदेश आइए और देखिए, रामनवमी की यात्रा पर फूल बरसते हैं, आपके यहां की तरह पत्थर नहीं बरसते हैं। ना ही आपकी तरह अपराधियों को शरण दी जाती है।