News TOP STORIES नयी दिल्ली

लाल किला हिंसा : दिल्ली पुलिस ने जम्मू से दो आरोपियों को किया गिरफ्तार


नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस पर लाल किले पर हुई हिंसक ट्रैक्टर रैली मामले में दिल्ली पुलिस ने दो मोस्ट वॉन्टेड आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी जम्मू में की गई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी मोहिंदर सिंह खालसा और मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है। दोनों जम्मू के रहने वाले हैं और लाल किले पर हुई हिंसा में शामिल थे।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जम्मू कश्मीर पुलिस की मदद से दोनों को पकड़ा। इन्हें दिल्ली लाया जा चुका है और अब कोर्ट में पेश किया जाएगा। जिसके बाद आरोेपियों को रिमांड पर लिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मोहिंदर सिंह यूनाइडेट कश्मीर फ्रंट का अध्यक्ष है।

इससे पहले भी दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार को लाल किला के गुंबद पर चढ़ने वाले शख्श जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जसप्रीत स्वरूप नगर में परिवार के साथ रहता है। इससे पहले पुलिस ने इसी हिंसा के मामले में मनिंदर सिंह को गिरफ्तार किया था। कई वीडियो फुटेज में मनिंदर दोनों हाथों में तलवार से करतब दिखाते हुए और लाल किला के गुम्बद चढ़ते हुए दिखाई दे रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मनिंदर ने पूछताछ में बताया है कि 26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च में वह स्वरूप नगर से अपने दोस्तों के साथ शामिल हुआ था। दो बाइक पर कुल छह लोग इस परेड में शामिल हुए थे। इन्हीं छह में से एक मनिंदर और दूसरा जसप्रीत था। फुटेज में गुम्बद पर मनिंदर तलवार लेकर खड़ा है जिसके बगल में जसप्रीत भी आक्रामक मुद्रा में दिखाई दे रहा है।