Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने फिर अलापा EVM का राग, कहा- यह सॉफ्टवेयर हमारे वोट को बदल सकता है


भोपाल। भारतीय चुनाव प्रक्रिया में ईवीएम मशीन की विश्वसनीयता को लेकर लगातार सवाल खड़े किए जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव को देखते हुए एक बार फिर कांग्रेस ने ईवीएम के खिलाफ अपना मोर्चा खोल दिया है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने ईवीएम और वीवीपैट पर बुधवार को भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग को भी निशाने में लिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक आरटीआई जवाब पढ़ते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘चुनाव आयोग के पास कोई तकनीकी टीम नहीं है, वे खुद इस बात को स्वीकार कर रहे हैं। यह सब पूरी तरह से निजी लोगों के हाथों में है। निजी लोग देश के भीतर या विदेश से भी हो सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि सॉफ्टवेयर कौन इंस्टॉल कर रहा है इसका कोई उल्लेख नहीं है। जब सॉफ्टवेयर हमारे वोट को बदल सकता है या प्रभावित कर सकता है, तो यह सॉफ्टवेयर है-न कि मतदाता जो तय करेगा कि सरकार कौन बनाएगा?’

ईसीआई चुनावी प्रक्रिया का स्वामी है यह सॉफ्टवेयर डेवलपर

ईवीएम के खिलाफ दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि ‘यह वह व्यक्ति है जो सॉफ्टवेयर स्थापित कर रहा है या सॉफ्टवेयर डेवलपर जो यह तय करेगा कि सरकार कौन बनाएगा, क्या हमें देश के 90 करोड़ से अधिक मतदाताओं का भाग्य कुछ सॉफ्टवेयर डेवलपर्स और इंस्टॉलरों को सौंप देना चाहिए? उन्होंने आगे कहा कि न तो मतदाता और न ही सरकारी अधिकारियों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर का ईसीआई चुनावी प्रक्रिया का स्वामी है। यह सॉफ्टवेयर डेवलपर और इंस्टॉलर है जो मास्टर है।’

भाजपा का पलटवार

दिग्विजय सिंह की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने सोशल मीडिया के जरिए पलटवार किया। उन्होंने अपने आधिकारिक ‘x’ (पू्र्व में ट्विटर) हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘जब से लक्ष्मण सिंह बुरी तरीके से चुनाव हारे है और जयवर्धन सिंह चुनाव जीते हैं, तब से लक्ष्मण सिंह का मूड खराब चल रहा है और वो लगातार राहुल गांधी , दिग्विजय सिंह और कांग्रेस को निशाना बना रहे हैं। शायद इसी नाराजगी को दूर करने के लिये दिग्विजय सिंह जी ने आज ईवीएम पर निशाना साधा है।

नरेंद्र सलूजा ने आगे कहा कि  बस वो इस बात का जवाब दे दें कि जब ईवीएम में गड़बड़ी है तो जयवर्धन सिंह का, छिंदवाड़ा, कर्नाटक , हिमाचल प्रदेश , तेलंगाना का चुनाव कांग्रेस कैसे जीती? एमपी में कांग्रेस के 66 विधायक चुनाव कैसे जीते? ईवीएम पर आरोप लगाकर दिग्विजय सिंह कर्नाटक, हिमाचल, तेलंगाना, प्रदेश के 66 कांग्रेस विधायकों की जीत पर खुद प्रश्नचिह्न लगा रहे हैं। विजयी कांग्रेसी विधायकों का मजाक उड़ा रहे हैं। दिग्विजय सिंह यह भी बताएं कि उनके साथ इस मुद्दे पर कांग्रेस क्यों खड़ी नहीं है?