News TOP STORIES उत्तर प्रदेश लखनऊ वाराणसी

वाराणसी : जनसभा में बोले अखिलेश यादव – ‘ममता बनर्जी के काशी आने से भाजपा तिलमिलाई


वाराणसी, । जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि ममता बनर्जी के काशी आने भर से भाजपा तिलमिला गई। अब सात मार्च को भाजपा का सफाया होने वाला है। मैदान का उत्साह बता रहा है कि पूर्वांचल की जनता भाजपा को साफ करने का मन बना चुकी है। इस बार जनता चुनाव लड़ रही है। छठवें चरण में जनता भाजपा के प्रत्याशियों को छांट रही है। वहीं सातवें चरण में जनता भाजपा को नकार देगी।

भाजपा झूठ बोलती है। कहते हैं भाजपा के नेता किसानों की आय दोगुनी कर देंगे। मैं इस जनसभा में आए किसानों से पूछता हूं कि क्या आपकी आय दोगुनी हुई। आज भाजपा ने रेल, हवाई जहाज, पानी का जहाज सब कुछ बेंच दिया है। मतलब यह कि न रहेगा बांस, न बजेगी बांसुरी। यह जो ऐतिहासिक समर्थन मिल रहा है। हमें विश्वास है कि जनता भाजपा के झूठ का रस निकाल देगी। भाजपा के लोगों ने कहा था कि बनारस को क्योटो बना देंगे। पूरे शहर को बर्बाद कर दिया है। जनसभा में आए पुलिस भर्ती के युवा, शिक्षक भर्ती के युवा, आंगनबाड़ी और आशा बहने सबको सपा में उम्मीद दिख रहा है।

सातवें चरण के मतदाताओं से मैं कहना चाहता हूं कि अधिक से अधिक वोट देकर समाजवादी नेताओं को आशीर्वाद दें। उनको विजय दिलाएं। भाजपा के लोगों ने हार स्वीकार कर लिया है। कोई जनता के सामने कान पकड़कर उठ्ठक बैठक कर रहा है। कोई पैर पकड़कर माफी मांग रहा है। हम यहां उपस्थित लोगों से पूछना चाहते हैं कि इन लोगों को माफ करोगे या साफ करोगे। इन्हे साफ करने की आवश्यकता है। इन्हें बिलकुल माफ मत करना। कोरोना काल में गंगा में लाशें बह रही थीं। आक्सीजन की कमी थी की नहीं। मतदान के दिन यह बातें भूलना मत याद रखना। भाजपा को जीताना मत भगा देना। मुझे उम्मीद है कि इस बार पूर्वांचल की सीटों पर अधिक से अधिक सीटें गठबंधन जीतेगा। मैं विश्वास दिलाता हूं कि किसान और नौजवानों का विकास करूंगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चिलम पर साइकिल भारी है के नारे लगाए।