पटना

विकास के साथ समाज सुधार अभियान रहेगा जारी : नीतीश


11 लाख बेघरों को घर की स्वीकृति जनवरी के अंत तक

(आज समाचार सेवा)

पटना। शराबबंदी पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कौन क्या बोल रहा, इससे हमको मतलब नहीं। विकास के साथ-साथ समाज सुधार अभियान जारी रहेगा। समाज सुधार अभियान चलाकर हम लोग नशा मुक्ति चाहते हैं, हमलोग चाहते हैं कि दहेज प्रथा समाप्त हो, बाल विवाह से मुक्ति मिले। मुख्यमंत्री सोमवार को जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि गांव से लेकर शहर तक जो गरीब तबके के लोग हैं उनकी जरूरतें पूरी हों। इसके लिए हमलोगों ने कई तरह के काम किये हैं। गरीब तबके के कितने लोगों को इसका लाभ मिला और जिससे उनका जीवनयापन बढिय़ा से चल रहा है। समाज के ऐसे लोग जो हाशियो पर हैं, वैसे परिवारों की पहचानक कर उनकी सहायता के लिए जीविका से जोडऩे का काम किया जा रहा है। किसी को अगर समाज सुधार के बारे में जानकारी नहीं है तो वो उसके बारे में क्या कहेगा। विकास का काम तो हो ही रहा है। उसके लिए हम हमेशा समीक्षा करते हैं।

आपदा से मुक्ति दिलाने के लिए कितना काम किया जा रहा है। बाढ़ राहत हो या सूखे की समस्या हो। हर क्षेत्र में विकास का काम किया गया है। सब काम हमलोग किये, लेकिन इन सब चीजों के साथ-साथ समाज सुधार का अभियान जारी रहना चाहिए। समाज सुधार के लिए जितनी बातें हमलोग करते रहे हैं उसको साथ लेकर हम बारह जगहं पर जा रहे हैं। महिलाओं से बातचीत करेंगे और उनकी बातों को सुनेंगे तथा अपनी बात कहेंगे। प्रमंडल के जिलों के सारे अधिकारियों को बुलाकर एक-एक चीज की समीक्षा और विकास के कार्यों की पूरी जानकारी लेंगे। ये यात्रा नहीं है ये समाज सुधार अभियान है। हमलोगों का ये कैंपेन चलता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने शराबबंदी को लेकर उठाये जा रहे सवाल पर कहा कि बिहार विधानसभा एवं विधान परिषद के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से शराबबंदी का प्रस्ताव पारित किया था। सभी सदस्यों ने शराबबंदी को लेकर शपथ भी ली थी। मद्य निषेध दिवस पर पिछले माह २६ नवंबर को अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी एक बार फिर से शपथ ली है। पिछले महीने हुई एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में भी सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर शराबबंदी के पक्ष में संपकल्प लिया। हम इस पर कोई कमेंट नहीं करते हैं।

उन्होंने कहा कि शराबबंदी को लेकर लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। हम अभी समाज सुधार अभियान के तहत विभिन्न जगहों पर जाने वाले हैं, जहां शराब पीने से होने वाले खतरे के प्रति लोगों को सचेत करेंगे। आप चाहे जितना बढिय़ा काम कर लें, तब भी सभी लोग उसे स्वीकार नहीं करेंगे। कुछ लोग गड़बड़ करने वाले होते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में कुछ लोग गड़बड़ करने वाले होते ही हैं। हम लोगों को सजग करने में लगे हैं। हम बराबर अधिकारियों को कहते हैं कि पटना बिहार की राजधानी है यहां पर पूरा ध्यान देने की जरूरत है। हम एक-एक चीज को खुद देखते हैं, लेकिन कितना भी कुछ कीजिये कुछ लाग खिलाफ रहते ही हैं। कहीं पर कुछ हो जाने पर कुछ लोग तरह-तरह की बात करने लगते हैं। जिसको जो मन करे बोले, हमलोगों का उद्देश्य लोगों की सेवा करना है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य बाधित होने के सवाल पर मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रधान सचिव ग्रामीण विकास अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि बिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास में से ६३ प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, बाकी का काम चल रहा है। इसके अलावा ११ लाख आवास का लक्ष्य मिला है, जिसको स्वीकृत करने की कार्रवाई पंचायत चुनाव के कारण रुकी हुई थी। इसकी कार्रवाई अब की जा रही है। उम्मीद है कि जनवरी माह में वह भी स्वीकृत हो जायेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना काम हर जगह चल रहा है। पंचायत चुनाव कें कारण इस पर थोड़ा असर पड़ा है, फिर भी काफी अच्छी गति से काम चल रहर है। बिहार का कंप्लीशन दर देश्या में दूसरे व तीसरे नंबर पर है।