पटना

विधायिका को सहयोग कर राष्ट्र निर्माण में सहयोग करें लोकसेवक


शीतकालीन सत्र को लेकर स्पीकर ने की अधिकारियों संग की बैठक

(आज समाचार सेवा)

पटना। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि लोकसेवक विधायिका का सहयोग कर राष्ट्र निर्माण में सहयोग करें। श्री सिन्हा मंगलवार को शीत कालीन सत्र को लेकर अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में बिहार विधान सभा बिहार की करोड़ों जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिम्ब है। सत्र के दौरान इनकी चौकन्नी निगाहें हमारी निगाहबानी करती हैं। सत्र के दौरान सदन में जितना सार्थक विमर्श होगा, जनता का जीवन सरल, सुगम और सुखी बनाने में विधायिका उतना ही महत्वपूर्ण रोल निभा सकेगी। इससे सदन की गरिमा भी बढ़ेगी और बिहार विकास के पथ पर आगे भी बढ़ सकेगा।

सदन में सदस्यों द्वारा पूछे गये प्रश्नों तथा नियमानुसार जनहित में उठाये गये मामलों का चलते सत्र के दौरान शत-प्रतिशत उत्तर प्राप्त होने से विधानमंडल के संचालन में खर्च होने वाली लोकनिधि का भी बेहतरीन उपयोग हो सकेगा। प्रश्नों के उत्तर ससमय प्राप्त हो, इसके लिए कार्यपालिका को और भी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन करना होगा। कार्यपालिका में बैठे लोग भी लोकसेवक हैं, उन्हें यह बात नहीं भूलनी चाहिए और विधायिका को सहयोग कर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनना चाहिए। उनकी निष्ठा और समर्पण से विकास को गति मिलेगी।”

यह बातें बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष श्री विजय कुमार सिन्हा ने 29 नवम्बर 2021 से शुरू हो रहे बिहार विधानमंडल के शीत सत्र के सुचारू एवं सफल संचालन के लिए बिहार सरकार के वरीय पदाधिकारियों के साथ विधान सभा में आयोजित बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि बजट एवं मानसून सत्र के दौरान जिन प्रश्नों के उत्तर प्राप्त नहीं हो सके हैं, उनके लिए विभागों से समन्वय स्थापित कर इनका उत्तर शीघ्रता से प्राप्त किया जाय और इसके लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों को चिन्हित कर इसके सुसंगत कारणों को पता किया जाय। आगामी सत्रों में सभी प्रश्नों के उत्तर शत-प्रतिशत प्राप्त हो, इसके लिए उन्होंने मुख्य सचिव, बिहार सरकार को निर्देशित किया।

क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा माननीय विधायकों से दुर्व्यहार मामलों में की गयी  कारवाई का स्थिति का ब्यौरा मांगा गया और मुख्य सचिव से इन गंभीर मामलों पर संज्ञान की बात कही गई। अन्यथा, विधान सभा द्वारा विशेषाधिकार का प्रयोग किया जाएगा। इस सत्र के पश्चात माननीय मुख्यमंत्री की सलह के बाद प्रबोधिनी की आयोजन किया जाना है। बिहार विधान सभा के शताब्दी वर्ष समारोह के सफल आयोजन हेतु संबंधित विभागों को मा. अध्यक्ष द्वारा बधाई भी दी गई। भविष्य में ऐसे और भी कार्यक्रम होने की योजना है।

मा. अध्यक्ष द्वारा इस शुभ अवसर एवं इसके आयोजन की चर्चा शिमला में पीठासीन पदाधिकारियों की आयोजित बैठक में की गई, जिसकी बहुत सराहना हुई। मा. अध्यक्ष ने बैठक के अंतिम पर सामाजिक संकल्प अभियान मुक्त युक्त सम्मान के शुभारंभ की जानकारी दी. जिसका शुभारंभ बिहार के गौरव देशरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद की जनमस्थली जीरादेई सीवान से 25 नवम्बर 2021 को किया जाना है।

इस बैठक में बिहार विधान परिषद् के माननीय कार्यकारी सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह, माननीय संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी सहित बिहार सरकार के मुख्य सचिव श्री त्रिपुरारि शरण, श्री एस के सिंघल, पुलिस महानिदेशक श्री चैतन्य प्रसाद, अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग, सहित कई विभागों के पदाधिकारी एवं श्री चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी, पटना तथा श्री उपेन्द्र शर्मा, वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना सहित श्री शैलेन्द्र सिंह, सचिव एवं श्री पवन कुमार पाण्डेय, संयुक्त सचिव, बिहार विधान सभा उपस्थित थे।