Latest News अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय लखनऊ

व्हाइट हाउस ने US के डिप्टी NSA दलीप सिंह की भारत यात्रा को बताया सफल,


वाशिंगटन, । दो दिवसीय भारत दौरे पर आए अमेरिका के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार दलीप सिंह ने रूस का साथ देने पर भारत को चेतावनी दी। हालांकि, अब अमेरिका के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की भारत यात्रा को लेकर व्हाइट हाउस की प्रतिक्रिया आई है। व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर कहा कि दलीप सिंह ने भारत यात्रा के दौरान अमेरिकी प्रतिबंधों के लक्ष्यों और तंत्र पर भारतीय समकक्षों के साथ चर्चा की। साथ ही उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ रूस पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों के बारे में भारतीय समकक्षों के साथ गहन चर्चा की।

व्हाइट हाउस ने क्या कहा

दरअसल, अमेरिका के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार दलीप सिंह 30 से 31 मार्च तक भारत के दो दिवसीय दौरे पर आए थे। उनके इस दौरे पर व्हाइट हाउस ने बयान जारी किया। उन्होंने अपने बयान में कहा कि इस सप्ताह उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार दलीप सिंह अमेरिका-भारत आर्थिक सहयोग को गहरा करने के लिए दिल्ली दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हमारे साझा हितों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। बयान में आगे कहा गया है कि दलीप सिंह ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के हमले को लेकर आर्थिक प्रभावों के बारे में भारतीय समकक्षों के साथ वार्ता की। अपनी भारत यात्रा के दौरान उन्होंने प्रधान सचिव पीके मिश्रा, वाणिज्य मंत्री और भारतीय जी20 शेरपा पीयूष गोयल, विदेश सचिव हर्ष वी श्रृंगला, उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिश्री और आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव अजय सेठ से मुलाकात की थी।