Latest News नयी दिल्ली

शूटर दादी चंद्रो तोमर कोरोना पॉजिट‍िव, सांस लेने में परेशानी पर अस्‍पताल में भर्ती


  1. बागपत, : ‘शूटर दादी’ के नाम से मशहूर अंतरराष्‍ट्रीय निशानेबाज चंद्रो तोमर भी कोरोना की चपेट में आ गई हैं। सांस लेने में परेशानी के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चंद्रो तोमर ऑफ‍िशि‍यल ट्व‍िटर हैंडल पर उनके पर‍िवार की ओर से यह जानकारी दी गई है। दादी चंद्रो तोमर यूपी के बागपत की रहने वाली हैं। उनकी उम्र 89 साल है। चंद्रो तोमर ने जब निशानेबाजी को अपनाया, तब उनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक थी। इसके बाद उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीतीं। उन्हें विश्व की सबसे उम्रदराज निशानेबाज माना जाता है। चंद्रो तोमर और प्रकाशी तोमर की जिंदगी पर ‘सांड की आंख’ नाम से एक फिल्म भी बनाई जा चुकी है। इस फिल्म में तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर ने भूमिका निभाई है।

दादी चंद्रो के ट्विटर पेज पर लिखा गया है, ‘दादी चंद्रो तोमर कोरोना पॉजिटिव हैं और सांस की परेशानी के चलते हॉस्पिटल में भर्ती हैं. ईश्वर सबकी रक्षा करे – परिवार।’ चंद्रो तोमर के ट्विटर हैंडल से किए गए इस ट्वीट पर बॉलीवुड, खेल जगत और दूसरे सेलिब्रिटी ने भी कमेंट करते हुए उनकी सलामती की दुआएं मांगी हैं। चंद्रो के पुत्र विनोद तोमर ने बताया कि अब माताजी की तबीयत में काफी सुधार है। डॉक्‍टरों ने कुछ टेस्ट कराए हैं, जिनकी रिपोर्ट आज शाम को या बुधवार सुबह आ जाएगी। उपचार में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हो रही है। डॉक्‍टरों से बातचीत के बाद उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।