पटना

शेखपुरा: संक्रमित मरीजों के बेहतर इलाज को लेकर डीएम ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा


शेखपुरा (आससे)। जिलाधिकारी इनायत खान ने कोविड-19 के संक्रमित मरीजों की बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर और अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने सभी चिकित्सकों को आदेश दिया कि कोविड-19 से संक्रमित सभी मरीजों को सरकार के द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज करना सुनिश्चित करें।

सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि अपने सभी मेडिकल स्टाफ को ठीक से प्रशिक्षण दे। उन्होंने कहा कि सभी डॉक्टर एवं पारा मेडिकल स्टाफ को मरीज को ऑक्सीजन लगाना आना चाहिए।  उल्लेखनीय है कि जखराजस्थान कोविड-19 सेंटर में डेढ़ सौ मरीजों के लिए बेड उपलब्ध है। जहां पर 50 बेड पर ऑक्सीजन भी सुविधा उपलब्ध है।

डॉ अशोक कुमार एमओआईसी शेखपुरा सह कोविड-19 सेंटर के इंचार्ज ने बताया कि अभी जखराजस्थान में 7 रोगियों को ऑक्सीजन गैस दी जा रही है। 50 बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध है। जिले का कोई भी मरीज पॉजिटिव होने पर यहां सीधे आकर भर्ती हो सकते हैं। किसी भी व्यक्ति के मरीज को ऑक्सीजन सिलेंडर ले जाने की अनुमति नहीं है। जिले में ऑक्सीजन गैस एवं आवश्यक दवाओं की कोई कमी नहीं है।

कोविड-19 केंद्र में तीन शिफ्ट में 16 डॉक्टर एवं काफी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिदिन डॉक्टर अशोक कुमार स्वयं मरीजों का निरीक्षण करते हैं। इसके अलावा सभी भर्ती मरीजों की देखभाल एवं आवश्यक दवाएं और परामर्श दी जा रही है। कोविड-19 की बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए अमित कुमार वरीय उप समाहर्ता, प्रशांत शेखर उप निर्वाचन अधिकारी एवं विशाल सागर उप प्रबंधक डिआरसीसी को प्रतिनियुक्त किया गया है।

सभी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि कोविड-19 सेंटर में भर्ती मरीजों को मेडिकल सुविधा प्रदान करने में पूरी तत्परता दिखाएं। भर्ती मरीजों को मेडिकल सुविधा प्रदान करने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। डॉ॰ कृष्ण मुरारी प्रसाद सिंह सिविल सर्जन शेखपुरा ने बताया कि कोविड-19 से संक्रमित मरीज समय पर यहां भर्ती हो जाते हैं तो उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती है।