Latest News बिजनेस

शेयर बाजार: RBI की घोषणाओं के बाद लुढ़का बाजार, निफ्टी में भी गिरावट


  • आज भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में लिए गए फैसलों का एलान किया, जिसका असर घरेलू शेयर बाजार पर पड़ा। शुक्रवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 132.38 अंक (0.25 फीसदी) की गिरावट के साथ 52,100.05 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 20.10 अंक यानी 0.13 फीसदी गिरावट के साथ 15,670.25 के स्तर पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह के दौरान बीएसई सेंसेक्स 882.40 अंक यानी 1.74 फीसदी मजबूत हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स-निफ्टी रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए थे।

केंद्रीय बैंक ने की अहम घोषणाएं
आरबीआई ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। यह चार फीसदी पर बरकरार है। मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (MSF) रेट भी 4.25 फीसदी पर है। रिवर्स रेपो रेट को भी 3.35 फीसदी पर स्थिर रखा गया है। केंद्रीय बैंक ने मौद्रिक रुख को ‘उदार’ बनाए रखा है। कोरोना वायरस महामारी, पीएमआई डाटा, महामारी के दौरान कंपनियों के काम करने के तरीके और सामान्य मानसून की उम्मीद जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वित्त वर्ष 2021-22 में 9.5 फीसदी की वास्तविक विकास दर का अनुमान है। वित्त वर्ष 2021-22 में महंगाई दर 5.1 फीसदी पर बने रहने की संभावना है।