पटना

श्रम मंत्री जीवेश कुमार ने गुजरात के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर संगठित एवं असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों का निबंधन करने का किया आग्रह


जाले (दरभंगा)(आससे)। श्रम मंत्री जिवेश कुमार ने शुक्रवार को गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी से शिष्टाचार मुलाकात कर, प्रदेश के संगठित एवं असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत बिहार के श्रमिकों का निबंधन कराने एवं सभी प्रकार के सरकारी सहायता दिलाये जाने के सम्बन्ध में वार्ता किया। मंत्री श्री कुमार ने बिहार के मजदूरों को साल में एक बार घर आने-जाने के लिए भी सरकारी सुविधायें उपलब्ध कराने एवं स्थानीय (गुजरात में) स्तर पर सहायता दिलाने जाने का आग्रह किया, साथ ही जो श्रमिक/कामगार असंगठित और संगठित क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं, उनकी सुरक्षा का भी ध्यान रखने का अनुरोध किया।

विदित हो कि श्रम संसाधन विभाग, बिहार श्रम संसाधन विभाग के मंत्री जिवेश कुमार के पहल पर ही बीते 12.04.2021 को गुजरात के ग्राम-खेड़वा, जिला-राजकोट, गुजरात के देव इंडस्ट्रीज में हुए ब्यायलर विस्फोट में बिहार राज्य के चार श्रमिकों की मृत्यु होने पर गुजरात सरकार से वार्ता कर स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधा मुहैया कराया गया था एवं घायल श्रमिकों का इलाज भी स्थानीय अस्पताल में कराया गया था। इसी के साथ मृत श्रमिकों के आश्रितों को और घायल श्रमिकों को बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के तहत अनुदान लाभ भी दिया गया था।

इस संदर्भ में मंत्री जीवेश कुमार ने बताया कि गुजरात दौरा, प्रवासी मजदूरों के हितार्थ है, जिसमें गुजरात के श्रम विभाग के अधिकारीयों से भी उनकी वार्ता प्रस्तावित है। श्री कुमार, उद्योग विभाग के अधिकारीयों से मिलकर, प्रवासी मजदूरों के हित में किये जाने वाले कार्यों को लेकर वार्ता करेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर प्रदेश के श्रमिकों एवं छात्रों को आत्मनिर्भर बनाये जाने एवं स्वरोजगार हेतु प्रेरित किये जाने के उदेश्य से राज्य के सभी जिलों में सम्पर्क केन्द्र (श्रमिक/स्टूडेन्ट परामर्श एवं रोजगार केन्द्र) स्थापित किया जा रहा। जिसमें सभी प्रकार की सूचनाओं को समेकित रूप से लाभार्थी को सूचना उपलब्ध कराया जायेगा।

इसके संचालन से रोजगार संबंधित सभी प्रकार की सूचनाएं क्षेत्रीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी। मुख्यतः प्रस्तावित केन्द्र, रोजगार हेतु इच्छुक (श्रमिक एवं छात्र) के निबंधन के उपरांत उनकी आकांक्षा एवं योग्यता के अनुरूप रोजगार चयन हेतु कार्य करेगी, साथ ही सम्पर्क केन्द्र पर प्रशिक्षित सलाहकार के माध्यम से रोजगार संबंधित सूचनाओं को श्रमिकों एवं छात्रों को उपलब्ध कराया जायेगा, जो प्रदेश में एवं प्रदेश से बाहर अन्य राज्यों और विदेश के लिए होगा।