पटना

श्रीनगर में बिहार के युवक की हत्या


बांका। बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र की महुआ पंचायत के पड़घड़ी गांव निवासी युवक अरविन्द कुमार साह (30) की शनिवार को जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसकी सूचना युवक के साथ रह रहे कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों का फोन पर दी। युवक की हत्या की खबर पर परिजन सहित पूरा गांव दहल गया। मृतक के परिजनों ने बता कि पड़घड़ी गांव निवासी देवेन्द्र साह का चौथा पुत्र अरविन्द कुमार साह विगत आठ वर्षो से जम्मू में रह रहा था। वह वहां चाट व फुचका की दुकान चलाता था। लॉकडाउन में वह घर आ गया था। तीन माह पूर्व वह पुन: जम्मू चला गया। उसकी अबतक शादी नहीं हुई थी। वह हर माह अपने माता पिता को रुपए भेजता था।

इधर शनिवार की शाम करीब छह बजे गांव के ही युवक चंदन साह का उसके पिता को फोन आया कि अरविन्द को गोली लगी है तथा उसे अस्पताल ले जाया गया है। कुछ देर बार उसकी मौत की खबर दी गई। अरविन्द की मौत की खबर पर कोहराम मच गया। पिता देवेन्द्र साह, माता सुनैना देवी, भाई डबलू साह, मंटू साह, मुकेश साह सहित अन्य परिजनों की चीत्कार से पूरा गांव गूंज उठा। देखते ही देखते दर्जनों लोगों की भीड़ मृतक के घर उमड़ पड़ी। लोगों को जब अरविन्द की मौत की सूचना मिली तो पूरा गांव गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि देवेन्द्र साह मजदूरी कर अपने परिवार को पालता था। अरविन्द इस परिवार को इकलौता सदस्य था जो जम्मू में रहकर कमाता था।

एजेंसी के अनुसार कश्मीर जोन के आईजी विजय कुमार ने बताया कि आतंकियों ने शनिवार को गैर-कश्मीरी दो मजदूरों पर हमला किया। इनमें एक हमला श्रीनगर में गोलगप्पे बेचने वाले अरविंद कुमार शाह पर किया गया। इस हमले में अरविंद कुमार की मौत हो गई। वे बिहार के बांका जिले के रहने वाले थे। वहीं दूसरा हमला पुलवामा जिले में बिजली का काम करने वाले सगीर अहमद पर किया गया। वह यूपी के रहने वाले हैं। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी भी मौत हो गई।

बताते चलें कि पाकिस्तान के इशारे पर आतंकी जम्मू कश्मीर में सिविलियन की टारगेट किलिंग की नई रणनीति पर चल रहे हैं। अक्टूबर में अब तक आतंकी 4 हिंदू-सिख समेत 7 सिविलियन की हत्या कर चुके हैं। शनिवार को श्रीनगर में गोलगप्पा विक्रेता की हुई हत्या इस प्रकार की 8वीं घटना रही।

सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने जम्मू कश्मीर में नए सिरे से आतंकवाद खड़ा करने के लिए 200 आम लोगों की हिट लिस्ट तैयार की है। इस लिस्ट में दुकानदार, नेता, वर्कर, निजी कर्मचारी, हिंदू-सिख समेत तमाम लोग शामिल हैं। चूंकि आम लोगों के पास सुरक्षा के इंतजाम नहीं होते, इसलिए उन्हें टारगेट करके पाकिस्तान फिर से कश्मीर में नया खौफ भरना चाहता है।

पाकपरस्त आतंकियों की इस रणनीति को काउंटर करने के लिए सुरक्षाबल जम्मू कश्मीर पिछले एक हफ्ते से जबरदस्त अभियान चला रहे हैं। पिछले 9 दिनों में 9 एनकाउंटर कर 13 आतंकियों को ठिकाने लगाया जा चुका है। कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने कहा कि सिविलियन आसान टारगेट होते हैं। इसलिए आतंकी उन्हें निशाना बना रहे हैं लेकिन वे अपने इरादों में कामयाब नहीं हो पाएंगे। ऐसे सभी लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

अरविंद के परिजन को दो लाख : सीएम

पटना (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार श्रीनगर में हुए आतंकी हमले में बिहार के बांका जिला के बाराहाट प्रखण्ड के रहनेवाले अरविंद कुमार साह की हत्या पर मर्माहत हैं। उन्होंने इस घटना को काफी दुखद बताया है। मुख्यमंत्री ने इस आतंकी हमले में मृत स्व. अरविंद कुमार साह के निकटतम आश्रित को मुख्यमंत्री राहत कोष से २ लाख रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही श्रम संसाधन विभाग एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से नियमानुसार अन्य लाभ दिलाने का अधिकारियों को निर्देशित किया है।