Latest News अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, रिहाई के लिए सीएम स्टालिन ने विदेश मंत्री जयशंकर को लिखा पत्र


चेन्नई। श्रीलंका की नौसेना ने जाफना के प्वाइंट पेड्रो से 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनकी नौका जब्त कर ली। श्रीलंकाई नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन इंडिका डेसिल्वा ने कहा है कि रविवार को गिरफ्तारी की गई। मछुआरे गैर कानूनी रूप से श्रीलंका की जल सीमा में मछली पकड़ रहे थे। तमिलनाडु में दो महीने तक मछली पकड़ने पर लागू प्रतिबंध समाप्त होने और मछुआरों के काम पर लौटने के दो दिन बाद यह घटना हुई है। मछलियों के प्रजनन को ध्यान में रखते हुए राज्य में दो महीने तक मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लागू किया गया था। उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु के कई मछुआरे श्रीलंका की जेलों में बंद हैं। कई उच्चस्तरीय बैठकों और दोनों देशों के बीच चर्चाओं के बावजूद मुद्दे का अभी तक समाधान नहीं हो पाया है।

jagran

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को विदेश मंत्री (ईएएम) एस जयशंकर से श्रीलंकाई नौसेना द्वारा गिरफ्तार किए गए 12 भारतीय मछुआरों की तत्काल रिहाई के लिए उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। विदेश मंत्री को लिखे एक पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा, “यह गिरफ्तारी तमिलनाडु के मछुआरों को डराती है और इससे राज्य के तटीय क्षेत्रों में असुरक्षा और भय की भावना पैदा होने की भी संभावना है। इसलिए, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि 12 मछुआरों और उनकी मछली पकड़ने वाली नाव की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त राजनयिक चैनलों के माध्यम से मामले को खत्म करें।गिरफ्तार किए गए 12 भारतीय मछुआरों में से 7 तमिलनाडु के हैं और 5 पुडुचेरी के हैं।