Latest News खेल

श्रीलंका के दिनेश चांदीमल ने खेली सबसे बड़ी टेस्ट पारी, डबल सेंचुरी जमा आस्ट्रेलिया के खिलाफ रचा इतिहास


नई दिल्ली, । श्रीलंका और आस्ट्रेलिया के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला गाल में खेला जा रहा है। मैच के चौथे दिन श्रीलंका के पूर्व कप्तान दिनेश चांदीमल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक जमाया। पहली पारी में इस शानदार पारी की बदौलत मेजबान ने 200 रन के करीब की बढ़त हासिल करने में कामयाबी पाई। आस्ट्रेलिया के खिलाफ दोहरा शतक बनाने वाले चांदीमल श्रीलंका के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे सीरीज के दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलिया ने 364 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने चांदीमल की दमदार पारी की बदौलत इस स्कोर को पार करते हुए 500 रन का आंकड़ा छुआ। कप्तान दिमुथ करुणारत्ने के 86 रन और कुसल मेंडिस ने 85 रन का योगदान दिया। इन खिलाड़ियों की जुझारू पारी की बदौलत सीरीज में पिछड़ रही टीम ने बढ़त हासिल की।

चांदीमल का पहला दोहरा शतक

टीम के लिए मुश्किल वक्त में चांदीमल ने अहम पारी खेली और टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक बनाया। 103 गेंद पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 50 रन पूरा करने वाले इस बल्लेबाज ने 195 गेंद खेलने के बाद 8 चौके और 1 छक्का जमाते हुए सेंचुरी पूरी की। तीसरे दिन 118 रन पर नाबाद लौटे चांदीमल ने 281 गेंद पर 12 चौके और 1 छक्का लगाते हुए 150 रन का आंकड़ा छुआ। 316 गेंद खेलने के बाद 16 चौके के साथ कुल 5 छक्के की मदद से उन्होंने अपने करियर का पहला दोहरा शतक जमाया।